IND W vs THAI W Scorecard: एशिया कप के पहले मैच में भारत ने दर्ज की जीत, थाइलैंड को 94 रनों से हराया
IND W vs THAI W Scorecard: महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने थाइलैंड को 94 रनों के विशाल अंतर से हराया है। शेफाली वर्मा ने तूफानी पारी खेली।

IND W vs THAI W Scorecard: महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की है। टीम इंडिया ने थाइलैंड को 94 रनों के विशाल अंतर से हराया है। शेफाली वर्मा ने तूफानी पारी खेली।
मुकाबले में थाइलैंड की कप्तान ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए बुलाया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और स्मृति मंधाना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुईं। 100 रनों के स्कोर तक भारत अच्छी स्थिति में था हालांकि, आखिरी के 10 ओवरों में एक के बाद एक विकेट गिरते रहे और टीम़ सिर्फ 159 रनों के स्कोर तक ही निर्धारित 20 ओवरों में पहुंच सकी।भारत को तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर स्मृति मंधाना के रूप में पहला झटका लगा। वे 19 (10) रन बनाकर रन आउट हुईं। भारत का दूसरा विकेट 91 के स्कोर पर गिरा। प्रतिका रावल अपने डेब्यू टी-20 मैच में 22 (18) बनाकर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौटीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला नहीं चला। वे 5 (9) रन बनाकर आउट हो गईं। शेफाली वर्मा भी 64 (36) रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने दमदार पारी खेली। ऋचा घोष भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। अपना 150 वां मुकाबला खेल रही दीप्ति शर्मा का भी बल्ला नहीं चला। वे रन आउट हो गईं। उन्होंने 5 (7) रन बनाए। आखिरी जोड़ी ने कुछ रन जोड़े और भारत को 159 के स्कोर तक पहुंचाया। शेफाली वर्मा के अलावा भारत के ज्यादातर बल्लेबाज फेल रहे।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए थाइलैंड के एक के बाद एक विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज नन्नापत ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। क्रांति गौड़ को एक विकेट हासिल हुआ। श्रीचरणी ने दो विकेट चटकाए। 1 बैटर रन आउट हुआ।
IND VS THAI LIVE Score Full Scorecard
IND- 159/9 (20 ओवर)
THAI 65-10 (16.1 ओवर)
भारत ने थाइलैंड को 94 रनों से हराया।
बता दें कि इस मैच में जेमिमा रॉड्रिक्स के चोटिल होने के कारण प्रतिका रावल ने अपना टी-20 डेब्यू किया। दीप्ति शर्मा ने अपना 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस मैच में उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया। वे 150 टी-20 मैचों के मुकाम तक पहुंचने वाली हरमनप्रीत कौर (202) और स्मृति मंधाना (171) के बाद तीसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। कुल मिलाकर, वह 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली 12वीं महिला क्रिकेटर हैं।
भारत महिला (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।
थाईलैंड महिला (प्लेइंग इलेवन): अपिसारा सुवानचोनराथी, नट्टाकन चंटम, फन्निता माया, नन्नापत कोनचारोएनकाई (विकेटकीपर), चानिडा सुथिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलेपोर्न लाओमी, नन्नाफट चाइहान, सुनिदा चतुरोंग्रट्टाना, थिपचा पुथावोंग (कप्तान), ओनिचा कामचोमफू।
टी-20 विश्व कप में मिली हार की कसक को शांत करने के लिए भारत को इस एशिया कप को जीतना जरूरी है। हाल ही में संपन्न हुए विश्व कप में भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई थी। इन तमाम खराब प्रदर्शनों के बावजूद बोर्ड ने पुराने कप्तान और कोच पर भरोसा जताया है। एक बार फिर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी। थाइलैंड की टीम भारत की तुलना में उतनी मजबूत नहीं है। ऐसे में टीम इंडिया के जीतने के चांसेंस इस मैच में ज्यादा थे। एशिया कप के लिए भारत और थाइलैंड दोनों टीमों का स्क्वॉड नीचे दिया गया है।
एशिया कप के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय महिला टीम का स्क्वॉड: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, प्रतिका रावल, राधा यादव, गुनालन कमलिनी, प्रेमा रावत।
थाईलैंड महिला टीम का स्क्वॉड: एफिसारा सुवानचोनराथी, फन्निता माया, नन्नापत कोनचारोएनकाई (विकेटकीपर), नारुएमोल चाइवाई (कप्तान), चानिडा सुथिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलेपोर्न लाओमी, नन्नाफट चैहान, सुनिदा चतुरोंग्रट्टाना, ओनिचा कामचोमफू, थिपचा पुथावोंग, कोरानित सुवानचोनराथी, चायनिसा फेंगपैन, थानराडा सीसावन, नट्टकन चन्तम।



