प्रिंस यादव की चोट ने बढ़ाई कप्तान श्रेयस अय्यर की टेंशन, सीरीज में झटके हैं सबसे ज्यादा विकेट
श्रेयस अय्यर ने कन्फर्म किया है कि प्रिंस यादव चोटिल हो गए हैं और इसकी वजह से तीसरे मैच में भारतीय टीम में बदलाव हो सकते हैं। प्रिंस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे पर 90 रन की जीत के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला अपने नाम करने के बाद कहा कि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की चोट के कारण रविवार को खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम को कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं। प्रिंस अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए। चोटिल होने से पहले वह दो विकेट झटक चुके थे। प्रिंस जारी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने दो मैचों में चार विकेट लिए हैं लेकिन वह अब तीसरे मैच में खेलने नहीं उतरेंगे।
श्रेयस अय्यर ने चोट की पुष्टि की
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद कहा, ''दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए कल (रविवार) के मैच में टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इशान और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की। मुझे लगा था कि इस विकेट पर 180 से 200 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होगा, लेकिन हमने 220 रन बना लिए, जो टीम के लिए बोनस साबित हुआ। मैदान पर यही रवैया होना चाहिए। वर्तमान में रहकर अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से अमल में लाना सबसे अहम है।''
भारत ने शनिवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने तेज शुरुआत दिलाई। जिम्बाब्वे को पहला झटका यश ठाकुर ने चौथे ओवर में ब्रायन बेनेट (32) को आउट कर दिया। इसके बाद जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे लगातार विकेट गंवाते रहे। अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने बेन करन (एक) को आउट कर पवेलियन भेज दिया।
अभिषेक शर्मा ने लिए तीन विकेट
छठे ओवर में रवि बिश्नोई ने डिओन मेयर्स (12)रन को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। कप्तान सिकंदर रजा (शून्य), वेस्ली मधेवेरे (दो), रायन बर्ल (20), ब्रैड एवंस (19) और न्यूमैन न्यामहुरी (तीन) रन बनाकर आउट हुये। 17वें ओवर की पहली गेंद पर यश ठाकुर ने तडिवनाशे मारुमानी (24) को आउट कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा ने रिचर्ड अंगारावा (एक) रन को आउट कर जिम्बाब्वे की पारी का 129 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 2.5 ओवरों 17 रन देकर तीन विकेट लिये। यश ठाकुर और प्रिंस यादव को दो-दो विकेट मिले। रवि बिश्नोई, तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



