श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग को लेकर दिया बयान, कहा- सलाह देने की जरूरत नहीं
श्रेयस अय्यर ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी को सलाह देने की जरूरत नहीं है। उनका मानना है युवा बल्लेबाज को अपनी गलती के बारे में पता होगा और वह उसे सुधार रहे होंगे।

श्रेयस अय्यर को विश्वास है कि वैभव सूर्यवंशी सहित टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज हाल में अपने संघर्ष से सीखकर आगामी जिम्बाब्वे सीरीज में दमदार वापसी करेंगे। बतौर कप्तान श्रेयस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को लगातार दो सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। बतौर कप्तान उन्हें पहली जीत की तलाश है। अनुभवहीन बैटिंग यूनिट दबाव में बिखर जा रही है। टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने शुरुआती तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन बनाए हैं। खराब प्रदर्शन के बावजूद, टीम मैनेजमेंट को पूरी उम्मीद है कि इस युवा खिलाड़ी को इस अनुभव से फायदा मिलेगा और वह जल्द ही शीर्ष स्तर पर अपनी जगह बना लेगा
वैभव को सलाह देने की जरूरत नहीं
पंद्रह वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का पदार्पण उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। अय्यर ने कहा कि इंग्लैंड और आयरलैंड के अनुभव से सूर्यवंशी और टीम के अन्य युवा खिलाड़ी और समझदार हुए होंगे। उन्होंने कहा, ''सभी युवा खिलाड़ियों ने निश्चित रूप से अभ्यास किया होगा। टी20 सीरीज के बाद उन्हें अच्छा खासा समय मिला है।'' उन्होंने कहा, ''जहां वैभव से गलती हुई होगी, उसने उसे जरूर सुधारा होगा। इसलिए व्यक्तिगत रूप से मुझे उसे ज्यादा सलाह देने की जरूरत नहीं है।''
आयरलैंड सीरीज से पहले भारत के नए टी-20 कप्तान बनाए गए श्रेयस अय्यर के लिए कार्यकाल की शुरुआत मुश्किल रही है; टीम को आयरलैंड के हाथों 2-0 से हार का सामना करना पड़ा और फिर इंग्लैंड में 4-0 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। बतौर कप्तान शुरुआती सात टी20 मैचों में से 6 गंवाने के बाद अब श्रेयस अय्यर के पास जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को बेहतर करने का मौका है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर अय्यर ने कहा, ''इंग्लैंड में हमारा समय मुश्किल भरा रहा, लेकिन उससे कई सकारात्मक चीजें भी सामने आईं। हमें पता चला कि आगे बढ़ने के लिए एक टीम के रूप में हमें क्या तैयार करना है, मैदान पर उतरने के बाद किस तरह की मानसिकता, जागरूकता और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की जरूरत है। ''
सीरीज बहुत एंटरटेनिंग होगी
भारत के हालिया संघर्षों के बावजूद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि दोनों टीमें सीरीज़ की शुरुआत बराबरी से करेंगी। "इस सीरीज में दोनों देशों के पास बराबर का मौका होगा। लेकिन एक बात मुझे पक्की है कि क्योंकि ज़िम्बाब्वे बहुत लगातार और बहुत एंटरटेनिंग क्रिकेट खेल रहा है, मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि यह सीरीज बहुत एंटरटेनिंग होगी।''



