वैभव-अभिषेक को लेकर इन बातों से ईशान किशन को नहीं पड़ता फर्क, बोले- दुखी होने के बजाय...

हरारे, भाषा
Follow us on Google News
share

विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने भारत बनाम जिम्बाब्वे दूसरे टी20 में धमाकेदार पारी खेली। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। ईशान का मानना है कि उन्हीं चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उनके नियंत्रण में हों।

Ishan Kishan on Abhishek Sharma and Vaibhav Sooryavanshi
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का कहना है कि उन्हें अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी को लेकर हो रही चर्चाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपनी भूमिका निभाने और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर रहता है। भारत ने शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अभिषेक शर्मा (08) और वैभव सूर्यवंशी (20) के विकेट पहले तीन ओवरों में ही गंवा दिए थे और स्कोर दो विकेट पर 29 हो गया था। इसके बाद किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को पांच विकेट पर 219 रन तक पहुंचाया। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। भारत ने जिम्बाब्वे को इस मैच में 90 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। रविवार को दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला खेला जाएगा।

'मैं उसपर ज्यादा ध्यान नहीं देता'

दूसरे टी20 के बाद 28 वर्षीय किशन ने कहा, ''बाहर क्या हो रहा है, मैं उसपर ज्यादा ध्यान नहीं देता।'' किशन ने कहा, ''मुझे पता है कि मुझे किस तरह बल्लेबाजी करनी है। सबसे जरूरी बात यह है कि आप उसी पल में रहें। यह मत सोचिए कि कौन ज्यादा रन बना रहा है या कौन ज्यादा छक्के-चौके लगा रहा है।'' किशन का मानना है कि शुरुआती विकेट जल्दी गिरने पर तीसरे नंबर के बल्लेबाज की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा, ''हर खिलाड़ी की अपनी पहचान हो सकती है, लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते समय आपको समझना होता है कि जब टीम के दो विकेट जल्दी गिर जाएं तो क्या करना है।''

'जब आप मैदान पर होते हैं तो...'

भारत की खराब शुरुआत के बाद किशन ने समझदारी से पारी को संभाला। उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अगली 13 गेंदों में 31 रन जोड़कर तेजी से रन बनाए। उनकी पारी में मिड-विकेट पर लगाए गए दमदार शॉट आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने कहा, ''आप लगातार बल्लेबाजी करना चाहते हैं। कभी मौके का फायदा उठाना होता है तो कभी साझेदारी बनानी होती है। इसके लिए पिच और मैच की परिस्थितियों को समझना जरूरी है।'' उन्होंने कहा, ''जब आप मैदान पर होते हैं तो आपको सिर्फ यह समझना चाहिए कि आसपास क्या हो रहा है और मैच से आपको क्या हासिल करना है।''

'बातों पर दुखी होने के बजाय...'

किशन ने कहा कि कठिन समय में खिलाड़ियों को उन्हीं चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उनके नियंत्रण में हों। उन्होंने कहा, ''जब चीजें आपके पक्ष में नहीं होतीं, तब उन बातों पर दुखी होने के बजाय अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना बेहतर होता है जो आपके नियंत्रण में हैं।'' किशन ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की। इंग्लैंड दौरे पर कठिन शुरुआत के बाद वैभव ने पहले टी20 में अर्धशतक लगाकर शानदार वापसी की थी। किशन ने कहा, ''वैभव बहुत समझदार है। उसे पता है कि उसे कैसे बल्लेबाजी करनी है और मैदान के अंदर और बाहर खुद को कैसे संभालना है।''

'अगर वैभव टिक जाता है तो...'

हालांकि, उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मिली लोकप्रियता के बीच वैभव का जमीन से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, ''जब आप भारत के लिए खेलते हैं तो आपको पता होना चाहिए कि किस चीज पर ध्यान देना है।'' उन्होंने कहा, ''मैं, अभिषेक, अक्षर भाई और टीम के कई अन्य खिलाड़ी उसे लगातार यही कहते हैं कि क्रिकेट पर ध्यान दो, सोशल मीडिया या बाहरी शोर पर नहीं।'' किशन का मानना है कि यदि वैभव अपना ध्यान बनाए रखते हैं तो वह अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। उन्होंने कहा, ''अगर वह क्रीज पर टिक जाता है तो टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। पहली ही गेंद से आक्रामक खेलने वाला बल्लेबाज पावरप्ले में टीम को 80-90 रन तक पहुंचा सकता है। ''

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़'दुखी होने के बजाय…', वैभव-अभिषेक को लेकर इन बातों से ईशान को नहीं पड़ता फर्क