श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने जीती पहली सीरीज, जिम्बाब्वे को लगातार दूसरे मैच में रौंदा
श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को लगातार दूसरे मुकाबले में हराकर तीन मैचों की टी20 सीरीज अपने नाम कर ली है। भारत ने दूसरे टी20 में 90 रनों से जीत दर्ज की।

भारतीय टीम ने शनिवार को जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मैच में 90 रनों से करारी शिकस्त दी। श्रेयस की कप्तानी में भारत को लगातार दो मैचों में जीत मिली है। जोकि टीम के आत्मविश्वास के लिए काफी जरूरी भी था। क्योंकि आयरलैंड और इंग्लैड के खिलाफ मिली लगातार हार ने टीम के खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ दिया था। भारत को लगातार 6 मैच में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद श्रेयस अय्यर को अपने आठवें प्रयास में बतौर कप्तान पहली जीत मिली थी। इससे पहले भारत ने पहले टी20 मैच में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया था।
बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीती पहली सीरीज
भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। जीत के लिए 220 रन का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन नौ ओवर के भीतर पांच विकेट गंवाने के बाद उसकी हार लगभग तय हो गई। पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 219 रन बनाए थे। इस जीत के साथ भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) में लगातार दो सीरीज में मिली हार के बाद पहली बार बतौर कप्तान सीरीज जीत दर्ज की।
अभिषेक शर्मा ने झटके तीन विकेट
जिम्बाब्वे की ओर से ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों में 32 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज यश ठाकुर पर छक्का और चौका जड़ा, लेकिन अगली ही कोशिश में विकेटकीपर किशन ने उनका कैच लपक लिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान बल्लेबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। रेयन बर्ल (20) और तादिवानाशे मारुमनी (24) कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय आक्रमण के सामने कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। अभिषेक शर्मा ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि पदार्पण कर रहे यश ठाकुर (30 रन पर दो विकेट) और प्रिंस यादव (10 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट झटके। तिलक और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।
ईशान किशन-तिलक वर्मा ने खेली दमदार पारियां
इस जीत की नींव भारत की दमदार बल्लेबाजी ने रखी। पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। 'प्लेयर ऑफ द मैच' किशन ने इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन और फिर तिलक के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। किशन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद अगली 31 रन केवल 13 गेंदों में बनाकर रन गति को तेज कर दिया।
उनकी पारी की खासियत लेग साइड पर लगाए गए दमदार शॉट रहे। उन्होंने ऑफ स्पिनर बेनेट की गेंदों पर मिडविकेट क्षेत्र में लगातार दो चौके जड़े, जबकि तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस के ओवर में दो चौके और एक शानदार छक्का लगाकर दबाव बनाया। तिलक ने भी दूसरे छोर से अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रहे सवालों का करारा जवाब दिया। उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की।
तिलक ने जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए। उन्होंने इवांस की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर शानदार छक्का भी जड़ा। भारतीय बल्लेबाजों ने अंतिम पांच ओवरों में 61 रन जोड़कर टीम को 219 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इससे पहले भारत को शुरुआती झटके अभिषेक शर्मा (आठ) और वैभव सूर्यवंशी (20) के रूप में लगे।



