वैभव सूर्यवंशी क्या हरारे में फिर धमाल मचा पाएंगे? जानिए वापसी पर क्या बोले
वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर हरारे में खेलने के लिए बेताब हैं। चार महीने पहले ही उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल टी20 डेब्यू करने वाले वैभव को आगामी सीरीज में मौका मिलने की उम्मीद है। हरारे में युवा बल्लेबाज का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने यहां वापस आने पर कहा है कि ये उनके लिए स्पेशल मोमेंट है। बीसीसीआी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के दौरान खेली गई शानदार पारी की यादे ताजा की। वैभव का इंटरनेशनल क्रिकेट में शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही लेकिन उन्हें इस दौरे पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
यह मेरे लिए बेहद खास मैदान
चार महीने पहले हरारे में वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली थी। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन की धमाकेदार पार खेली, जिससे भारत चैंपियन बनने में सफल रहा था। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने कहा, ''हम इस समय हरारे, ज़िम्बाब्वे में हैं और यह मैदान मेरे लिए बहुत यादगार है। चार महीने पहले हमने यहीं U-19 विश्व कप खेला और उसे जीत लिया, इसलिए यह मेरे लिए बेहद खास मैदान है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हर किसी का सपना होता है, और ऐसे महान मैदान पर वापस लौटना और खेलना एक वास्तव में खास पल है, जहां हमने महज चार महीने पहले इतिहास रचा था, यह सचमुच बहुत विशेष पल है। यह अद्भुत अनुभूति है, इसलिए हम इसका पूरा मजा लेंगे।''
उन्होंने आगे कहा,''पिछले चार महीनों में काफी उतार-चढ़ाव आए हैं। लेकिन यह क्रिकेट का हिस्सा है और जीवन में ऐसी बातें होती रहती हैं। मैं उसी प्रोसेस को फॉलो करता रहूंगा और टीम को अपना सौ प्रतिशत दूगा। पिछली बार यहां मैंने पिच और कंडीशंस की अच्छी समझ हासिल कर ली थी। मैं मैचों में उसी जानकारी को लागू करने की कोशिश करूंगा। मैं इस मैदान पर दो मैच खेल चुका हूं और दोनों ही बहुत अच्छे गए थे। अब मैं उसी फॉर्म आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा।"
जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी की उम्मीद
इस उभरते हुए बल्लेबाज ने इंग्लैंड में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन बनाए। भारत ने सीरीज 0-4 से गंवाई। इनमें से दो पारियों में सूर्यवंशी जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर आउट हुए। बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी एक बार फिर हरारे में लौटेंगे जहां उन्होंने जनवरी में अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी। विश्व चैंपियन भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसे आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में उसे चार मैच में हार मिली जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब उसके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की राह पर लौटने का मौका होगा।



