ईशान किशन को ब्रेक दो, इस प्लेयर का डेब्यू करवाओ; आकाश चोपड़ा बोले- उसकी क्या गलती है
आकाश चोपड़ा ने उस भारतीय खिलाड़ी का नाम बताया है, जिसे रविवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 में मौका दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने विकेटकीपर ईशान किशन को आखिरी मैच में ब्रेक देने की सलाह दी है।

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है। सीरीज का तीसरा मैच रविवार को खेला जाएगा। शनिवार को दूसरे टी20 में विकेटकीपर ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके और दो सिक्स शामिल हैं। उनकी पारी के दम पर भारत ने 219/5 का स्कोर खड़ा करने के बाद मेजबान टीम को 90 रनों से रौंदा। ईशान प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। हालांकि, भारत के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने तीसरे टी20 में ईशान को आराम देने की सलाह दी है। आकाश का कहना है कि ईशान को ब्रेक देकर विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को मौका दिया जाना चाहिए। 25 वर्षीय प्रभसिमरन ने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है।
प्रभसिमरन सिंह की क्या गलती है?
बता दें कि प्रभसिमरन को जिम्बाब्वे सीरीज के लिए संजू सैमसन की जगह भारतीय स्क्वॉड में चुना गया था। आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''प्रभसिमरन सिंह को भी खिला लो यार। उसकी क्या गलती है? आपने प्रभ को सिलेक्ट किया है। दोबारा उसे कब सिलेक्ट किया जाएगा, हमें कोई आइडिया नहीं। अभिषेक शर्मा की या फिर ईशान किशन की जगह उन्हें खिला लो। आप उन्हें ईशान की जगह खिला सकते हैं। प्रभ को अभिषेक की जगह मत खिलाओ क्योंकि उन्होंने शुरुआती दो मैचों रन नहीं बनाए। अभिषेक को तीसरा भी खिलाओ और रन बनवाओ। बॉलिंग की जरूरत पड़े तो वो करवाओ। ईशान को ब्रेक दे दो। प्रभ विकेटकीपिंग की जिम्मेदमारी भी संभालेंगे। यह मौका प्रभ को दिया जा सकता है।'' ओपनर ने अभिषेक ने जिम्बाब्वे में पहले टी20 में एक रन बनाया जबकि दूसरे मैच में उनके बल्ले से 8 रन निकले।
आखिरी टी20 मैच बदलाव होना तय
जिम्बाब्वे के विरुद्ध आखिरी टी20 मैच में भारतीय इलेवन में बदलाव होना तय है, जिसकी पुष्टि खुद कप्तान श्रेयस अय्यर कर चुके हैं। दरअसल, तेज गेंदबाज प्रिंस यादव दूसरे मुकाबले में चोटिल हो गए थे। प्रिंस अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए। चोटिल होने से पहले वह दो विकेट झटक चुके थे। मैच के बाद अय्यर ने कहा, ''दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए रविवार के मैच में टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।'' कप्तान ने साथ ही ईशान किशन और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की तारीफ की। उन्होंने कहा, ''ईशान और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की। मुझे लगा था कि इस विकेट पर 180 से 200 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होगा, लेकिन हमने 220 रन बना लिए, जो टीम के लिए बोनस साबित हुआ।''



