4 शतक, 3 जीत; IND vs WI 5वें टी20 में शे होप बनेंगे जीत हार का अंतर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

शे होप IND vs WI सीरीज में जीत हार का अंतर बने हुए हैं। टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाना है। भारत की नजरें उनके बहुमूल्य विकेट पर होगी।

Shai Hope
शे होप

भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। टीम इंडिया ने आसान जीत के साथ सीरीज का आगाज किया था। उस समय किसी को ऐसा नहीं लगा था कि वेस्टइंडीज भारतीय टीम को टक्कर भी दे पाएगी। मगर दूसरे ही मैच में कहानी पलट गई। वेस्टइंडीज ने 250 रनों का ऐतिहासिक टारगेट चेज करते हुए हर किसी को हैरान कर दिया। भारत के खिलाफ पहली बार कोई टीम इतना बड़ा टारगेट चेज कर पाई। तीसरे टी20 में हालांकि टीम इंडिया ने उस सिलसिले को तोड़ा जो IND vs WI सीरीज में मैच जीतने का फॉर्मुला बन गया था। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराया। चौथे टी20 में वेस्टइंडीज ने भी इस कारनामे को दोहराया और सीरीज में 2-2 की बराबरी की। अब शनिवार, 17 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच 5 मैच की इस टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच से डिसाइड होगा कि यह सीरीज कौन जीतने वाला है। सीरीज डिसाइडर में वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप भारत की जीत हार में अंतर बन सकते हैं।

शे होप अकेले भारतीय टीम पर पड़े भारी

वेस्टइंडीज का भारत दौरा वनडे सीरीज से शुरू हुआ था। पहले दो मुकाबलों में वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि तीसरे वनडे में मेहमान टीम ने ऐसी जीत दर्ज की, जिसकी कलपना कोई नहीं कर रहा था। वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ 352 रनों का मुश्किल टारगेट 48.2 ओवर में आसानी से चेज कर डाला। वेस्टइंडीज की इस पहली जीत के हीरो कप्तान शे होप बने थे, जिन्होंने दौरे का पहला शतक जड़ते हुए 162 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अपनी टीम को यह मैच जिताने का सिलसिला होप ने इसके बाद टी20 सीरीज में भी जारी रखा।

भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में होप 52 रन बनाकर आउट हो गए और उनकी पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं टिक पाई। वेस्टइंडीज की टीम 171 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर के शतक के दम पर इस स्कोर को आसानी से हासिल कर लिया। होप समझ गए थे कि अगर उनकी टीम को जीत दर्ज करनी है तो कप्तान को ही जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठानी होगी।

दूसरे टी20 में 250 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए होप ने 102 रनों की नाबाद पारी खेली। तीसरे टी20 में एक बार फिर होप 5 के निजी स्कोर पर जल्दी आउट हो गए और भारत फिर से मैच जीत गया। चौथे टी20 में एक बार फिर वेस्टइंडीज के कप्तान का बल्ला चला और उन्होंने फिर से नाबाद 102 रनों की पारी खेल डाली। वेस्टइंडीज को इस बार भी जीत मिली।

वेस्टइंडीज को भारत दौरे पर 3 जीत मिली है और तीनों ही मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच शे होप रहे हैं। ऐसे में वेस्टइंडीज की टीम चाहेगी कि सीरीज डिसाइडर में उनका कप्तान एक बार फिर मैच जिताऊ पारी खेली, वहीं टीम इंडिया होप को जल्द से जल्द आउट करना चाहेगी। होप ही आखिरी टी20 में जीत-हार का अंतर बन सकते हैं।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़4 शतक, 3 जीत; IND vs WI 5वें टी20 में शे होप बनेंगे जीत हार का अंतर