
केएल राहुल ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में पूरे किए 2000 रन, ऐसा करने वाले सातवें भारतीय बने
संक्षेप: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 रन पूरे किए। वह डब्ल्यूटीसी में दो हजार से अधिक रन बनाने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पंत सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 हजार रन पूरे करने वाले 28वें बल्लेबाज बन गए हैं। केएल राहुल दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान अच्छी शुरुआत के बाद आउट हो गए। सलामी बल्लेबाज राहुल इसके साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 रन बनाने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी दो हजार रन पूरा कर चुके हैं।

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। पंत ने 2731 रन बनाए हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने डब्ल्यूटीसी में 6 शतक जड़े हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर जो रूट के नाम है। रूट ने 69 मैचों में 6080 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 21 शतक लगाए हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 40 मैचों में 2716 रन बनाए हैं। शुभमन गिल के पास पंत और रोहित को पीछे छोड़ने का मौका है। शुभमन गिल 71 पारियों में 2712 रन बना चुके हैं। विराट कोहली ने 46 टेस्ट में 2617 रन बनाए हैं। गिल के नाम नौ शतक है। कोहली ने डब्ल्यूटीसी में 5 शतक जड़े हैं।
राहुल ने पहली पारी में 38 रन बनाए। उन्होंने वारिकन की गेंद पर स्टंप आउट होने से पहले पिछले ओवर में स्पिनर खैरी पियरे को डीप मिडविकेट पर छक्का लगाया था। वह वारिकन की गेंद की लेंथ का सही अनुमान नहीं लगा पाए और विकेटकीपर टेविन इमलाच ने उन्हें स्टंप आउट करने में कोई गलती नहीं की। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल दिख रही पिच पर शानदार फॉर्म में चल रहे राहुल से बड़ी पारी की उम्मीद थी।
जेडन सील्स की गेंद पर कवर्स के ऊपर से लगाया गया उनका बैकफुट पंच कमाल का था। पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। भारतीय सलामी जोड़ी ने सतर्क रुख अपनाया और पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े।






