IND vs WI: आज चौथे T20I में कैसा रहेगा पिच का मिजाज? हैदराबाद में 7 साल बाद भारत की वेस्टइंडीज से टक्कर
IND vs WI 4th T20I Pitch Report: आज भारत बनाम वेस्टइंडीज चौथा टी20 मैच हैदराबाद के मैदान पर खेला जाना है। टीम इंडिया ने सीरीज में बढ़त बना रखी है। वेस्टइंडीज की सीरीज में बराबरी करने पर नजर होगी।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार को चौथा टी20 मैच आयोजित होगा। दोनों टीमों की हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम सात बजे से भिड़ंत होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना रखी है। भारत को सीरीज अपने नाम करने के लिए बस एक जीत की जरूरत है। वहीं, शाई होप की वेस्टइंडीज आज जीत दर्ज करके में सीरीज में बने रहने की फिराक में होगी। भारत ने हैदराबाद के मैदान पर अभी तक तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और सभी में विजयी परचम फहराया। भारत ने यहां पिछला T20I मैच दो साल पहले खेला था। चलिए, एक नजर चौथे T20I की पिच रिपोर्ट पर डालते हैं।
आज हैदराबाद में कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
भारत ने लखनऊ में पहले टी20 में 172 रन बनाकर जीत हासिल की तो वेस्टइंडीज ने रांची में दूसरे मैच में 250 का ऐतिहासिक टारगेट चेज किया। भारत ने इंदौर में आयोजित तीसरा टी20 मैच 223 का स्कोर खड़ा करने के बाद 14 रनों से जीता। हैदराबाद में भी हाई-स्कोरिंग मैच होने की संभावना है। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की सपाट पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। यहां गेंद बल्ले पर आसानी से आती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए शॉट्स खेलना में दिक्कत नहीं होती। फैंस को एक बार फिर चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती है लेकिन हाल ही में बदली गई पिच अनिश्चितता भी पैदा करती है। टी20 में इस मैदान पर कई बड़े स्कोर बने हैं और दोनों टीमों के बल्लेबाजों के पास पिच से फायदा उठाने की काबिलियत है। एक बार फिर मैच का रुख दोनों टीमों के 'पावर हिटर्स' पर निर्भर करेगा। पहले बैटिंग करने वाली टीम 200 प्लस रन बनाने का प्रयास करेगी क्योंकि उससे कम स्कोर चेज करने में यहां ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
हैदराबाद में 7 साल बाद भारत की वेस्टइंडीज से टक्कर
भारतीय टीम हैदराबाद के मैदान पर करीब सात साल बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच खेलेगी। दोनों टीमों की पिछली टक्कर यहां 6 दिसंबर 2019 को हुई थी। तब वेस्टइंडीज के 207/5 के जवाब में भारत ने 209/4 रन बनाए थे। भारत ने 8 गेंद बाकी रहते छह विकेट से जीत हासिल की थी। तत्कालीन कप्तान विराट कोहली ने 50 गेंदों में छह चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 94 रनों की यादगार पारी खेली थी। इसी मैच में कोहली ने 'नोटबुक' सेलिब्रेशन किया था। भारत ने हैदराबाद में सबसे छोटे फॉर्मेट का दूसरा मुकाबला सितंबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया के सामने खेला और विकेट से जीता। भारत ने यहां तीसरी बार T20I अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के विरुद्ध खेला था, जिसमें मेजबान टीम को 133 रनों से जीत नसीब हुई।
भारत बनाम वेस्टइंडीज T20I हेड-टू-हेड
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं। भारत का इस दौरान पलड़ा भारी रहा। भारत ने 22 मैचों में विजयी परचम फहराया जबकि वेस्टइंडीज ने 11 मुकाबलों में बाजी मारी। एक मैच बेनतीजा रहा।
भारत का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, वैभव सूर्यवंशी।
वेस्टइंडीज का स्क्वॉड: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, आमिर जांगू (विकेटकीपर), कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफान रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, अकील होसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, मैथ्यू फोर्ड।


