
एक ओवर में ही कुलदीप यादव ने किए 3 शिकार, यूएई का मिडिल ऑर्डर किया ध्वस्त
भारत के स्पिनर कुलदीप यादव ने बुधवार को यूएई के खिलाफ मुकाबले में अपने एक ओवर में तीन विकेट चटकाए। उन्होंने यूएई के राहुल चोपड़ा, मुहम्मद वसीम और हर्षित कौशिक को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने बुधवार को दुबई में खेले जा रहे मुकाबले में यूएई के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम ने शुरुआती ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन बुमराह-चक्रवर्ती ने शुरुआती झटके, जिसके बाद कुलदीप यादव ने एक ही ओवर में यूएई की टीम के मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया।

कुलदीप यादव ने अपने दूसरे ओवर में तीन विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए। कुलदीप ने इस ओवर में यूएई के बल्लेबाज राहुल चोपड़ा, मुहम्मद वसीम और हर्षित कौशिक को पवेलियन का रास्ता दिखाया। कुलदीप यादव ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर राहुल चोपड़ा का शिकार किया। गिल ने राहुल का कैच पकड़ा। राहुल सात गेंद में तीन रन ही बना सके।
चौथी गेंद पर कुलदीप ने यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम को आउट किया। वसीम 22 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। वसीम ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप ने हर्षित कौशिक को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने दो गेंद में दो रन बनाए। कुलदीप यादव ने अपने पहले ओवर में चार रन दिए थे।
कुलदीप ने अपने तीसरे ओवर में यूएई की पारी का अंत किया। कुलदीप ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर हैदर अली को आउट किया। सैमसन ने अली का कैच लपका। इसी के साथ यूएई की पारी का अंत भी हुआ। यूएई की टीम भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 के दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 13.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 57 रन ही बना सकी। कुलदीप ने 2.1 ओवर में सात रन देकर 4 विकेट लिए। यूएई का टी20 ये लोएस्ट स्कोर है। भारत की ओर से कुलदीप ने 4, शिवम दूबे ने तीन और बुमराह, पटेल-चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट लिए।






