
IND vs SL Highlights 2nd T20I: शैफाली वर्मा के तूफानी अर्धशतक ने श्रीलंका को किया नेस्तनाबूद, भारत की बढ़त हुई दोगुनी
IND vs SL Highlights 2nd T20I: भारत ने श्रीलंका को दूसरा टी20 में 7 विकेट से हराकर 5 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत की जीत में अहम भूमिका शैफाली वर्मा के तूफानी अर्धशतक ने निभाई। शैफाली ने 203 के स्ट्राइक रेट से पारी खेली।
India vs Sri Lanka Highlights 2nd T20I- शैफाली वर्मा के तूफानी अर्धशतक के दम पर भारत ने श्रीलंका को दूसरे टी20 में 7 विकेट से धूल चटाई। श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया के सामने 129 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर को भारत ने शैफाली वर्मा की 69 रनों की नाबाद पारी के दम पर 11.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। शैफाली वर्मा ने इस पारी के दौरन 34 गेंदें खेली, जिसमें 11 चौके और 1 छक्का लगाया, उनका स्ट्राइक रेट लगभग 203 का रहा। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
129 के टारगेट का पीछा करते हुए भारत को पहला झटका 29 के स्कोर पर स्मृति मंधाना (14) के रूप में लगा। मंधाना ने एक बार फिर निराश किया। हालांकि शैफाली वर्मा की तूफानी बैटिंग नहीं रुकी। भारत ने 6 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 68 रन बोर्ड पर लगाए। शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के बीच दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 50 रन की साझेदारी पूरी हुई। जेमिमा रोड्रिग्स 25 रन बनाकर 8वें ओवर में आउट हुईं। 9वें ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार किया। शैफाली वर्मा ने 27 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। जीत से एक रन दूर जब भारत था तो हरमनप्रीत कौर के रूप में टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। ऋचा घोष के बल्ले से विनिंग रन आया।
बात श्रीलंकाई पारी की करें तो, क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में विकेट दिला भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने श्रीलंकाई ओपनर विश्मी गुणरत्ने को कॉट एंड बोल्ड आउट किया। इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में स्नेह राणा ने चमीरा अट्टूपट्टू (31) को अपने जाल में फंसाकर भारत को दूसरी और बड़ी सफलता दिलाई।
10 ओवर तक श्रीलंकाई टीम 2 विकेट के नुकसान पर 66 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। श्रीलंका को तीसरा झटका 13वें ओवर में श्री चरणी ने दिया। उन्होंने हसिनी परेरा को 22 के निजी स्कोर पर कॉट एंड बोल्ड किया। अमनजोत कौर के रोकेट थ्रो की वजह से भारत को चौथी सफलता, 17वें ओवर में हर्षिता समरविक्रमा के रूप में मिली, जो 33 रन बनाकर आउट हुईं। वैष्णवी शर्मा ने 17वें ओवर में अपनी डेब्यू विकेट हासिल की, 19वें ओवर में श्री चरणी ने श्रीलंका को 6ठा झटका दिया।
वैष्णवी शर्मा को पारी का आखिरी ओवर डालने का मौका मिला। दूसरी गेंद पर उन्होंने शाशिनी गिमानी को पवेलियन का रास्ता दिखाया। पांचवीं गेंद पर श्रीलंका की एक और प्लेयर रन आउट हुई।
वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने 2-2 विकेट चटकाए, वहीं पहले टी20 की तरह इस बार भी श्रीलंका की तीन बैटर रन आउट हुई। आखिरी 4 ओवर में श्रीलंका ने 6 विकेट खोए।
भारत महिला (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (डब्ल्यू), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, श्री चरणी
श्रीलंका महिला (प्लेइंग इलेवन): विश्मी गुणरत्ने, चमारी अथापथु (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, नीलाक्षी डी सिल्वा, कविशा दिलहारी, कौशानी नुथ्यांगना (डब्ल्यू), मल्की मदारा, इनोका राणावीरा, काव्या कविंदी, शशिनी गिम्हानी
बता दें, टीम इंडिया में एक बदलाव हुआ है, तबीयत खराब होने की वजह से दीप्ति शर्मा आज के मैच से बाहर हैं, उनकी जगह स्नेह राणा को जगह दी गई है। वहीं श्रीलंका बिना बदलाव के साथ इस मैच में उतरेगा। भारत की नजरें इस मैच में बढ़त को दो गुना करने पर होगी, वहीं श्रीलंका पलटवार करने के इरादे से उतरेगा। 5 मैच की इस टी20 सीरीज का पहला मुकाबला इसी मैदान पर खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने जेमिमा रोड्रिग्स के अर्धशतक के दम पर 8 विकेट रहते आसानी से जीता था।






