भारत आखिरी दिन जल्द से जल्द मैच खत्म करना चाहता था, केएल राहुल ने खोला राज
भारतीय टीम के बल्लेबाज केएल राहुल ने बताया कि पहले मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम जल्द से जल्द मैच खत्म करना चाहती थी, क्योंकि अंतिम दिन बारिश का साया मंडरा रहा था।

भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के दौरान अच्छी टक्कर देखने को मिली। आखिरी दिन तक चले मुकाबले में भारतीय टीम ने बाजी मारी। भारत द्वारा मिले 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 206 रन ही बना सकी और 165 रनों से हार गई। वहीं मैच के बाद भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में जल्द से जल्द जीत हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध थी क्योंकि उन्हें पता था कि भारी बारिश होने वाली है। भारत के 165 रन से जीत हासिल करने के ठीक पांच मिनट बाद बारिश शुरू हो गई। श्रीलंका खेल को लंबा खींचना चाहता था लेकिन एक बार विकेट गिरने के बाद वह संभल नहीं पाया।
श्रीलंका को जल्दी ऑलआउट करने का बना प्लान
राहुल ने कहा, ''हमें पता था कि तेज बारिश होने वाली है और इसलिए हम जल्द से जल्द उनकी पारी समाप्त करना चाहते थे। ईमानदारी से कहूं तो हमें बहुत राहत मिली है।'' राहुल ने कहा, ''उनके बीच एक बड़ी साझेदारी हुई थी, लेकिन हम जानते थे कि अगर हम उसे तोड़ दें, तो हम उनकी बल्लेबाजी में सेंध लगा सकते हैं। यह एक शानदार टेस्ट मैच था।''
उन्होंने कहा, ''पांचों दिन विकेट अच्छा रहा। स्पिनरों को कुछ मदद मिल रही थी लेकिन जिन बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।'' राहुल ने तेज गेंदबाजों की भी प्रशंसा की और कहा कि भारत ने विकेट लेने के एक और अवसर के रूप में नई गेंद को ध्यान में रखा था। उन्होंने कहा, ''तेज गेंदबाजों ने भी विकेट लिए। हमें पता था कि नई गेंद आने वाली है और अगर हम विकेट नहीं ले पाते तो हम जानते थे कि नई गेंद से हमारे पास मौका होगा।''
गिल ने जीत को बताया खास
शुभमन गिल जीत को स्पेशल बताया है। उन्होंने कहा, ‘’यह जीत हमारे लिए बेहद संतोषजनक है। हम मज़बूत स्थिति में थे, लेकिन मौसम को देखते हुए यह पक्का नहीं था कि मैच पूरा हो पाएगा या नहीं। ऐसे में टीम ने शानदार प्रतिक्रिया दी। हमारा लक्ष्य तीसरी पारी में लगभग 400 रन तक पहुंचने का था। इस विकेट पर खुलकर रन बनाना आसान नहीं था, इसलिए हम थोड़ा आक्रामक खेलना चाहते थे। हमें यह भी नहीं पता था कि चौथे और पांचवें दिन कितने ओवर फेंकने का मौका मिलेगा। इसी कोशिश में हमने कुछ विकेट गंवाए, लेकिन तब भी हम काफी मजबूत स्थिति में थे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य डब्ल्यूटीसी फाइनल है। टेस्ट मैचों में जीत हासिल करना आसान नहीं होता और यह जीत हमारे लिए बेहद खास है।"



