
विराट कोहली 100 इंटरनेशनल शतक ठोक पाएंगे या नहीं, जहीर खान ने कहा- 35 वनडे में मुमकिन है तो…
India Vs South Africa:विराट कोहली अब तक 84 इंटरनेशनल सेंचुरी ठोक चुके हैं। कोहली 100 शतक लगा पाएंगे या नहीं, इसे लेकर पूर्व दिग्गज गेंदबाज जहीर खान ने अहम बात कही है।
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक ठोक पाएंगे या नहीं? यह सवाल लंबे समय से चर्चा में है। 37 वर्षीय कोहली ने अब तक 84 इंटरनेशनल सेंचुरी जमाई हैं। उन्होंने 84वां शतक बुधवार को रायपुर में इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दूसरे वनडे में जड़ा। कोहली ने 93 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 102 रनों की पारी खेली। यह कोहली का 53वां वनडे शतक था। उन्होंने टेस्ट में 30 जबकि टी20 इंटरनेशनल में एक शतक लगाया है। वह टेस्ट और T20I से रिटायर हो गए हैं, अब भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को लगता है कि कोहली 100 सेंचुरी कंप्लीट कर सकते हैं लेकिन यह आसान नहीं।
कोहली से ज्यादा सेंचुरी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने लगाई हैं। वह 100 इंटरनेशनल सेंचुरी का आंकड़ा छूने वाले इकलौते हैं। जहीर ने क्रिकबज पर कहा, "मैं कहूंगा कि यह आसान नहीं होगा। अगर आप देखें तो 30-35 वनडे मैच हैं। वह उससे ज्यादा भी खेल सकते हैं। लेकिन अगर आप मुझसे पूछें कि क्या यह 35 वनडे में मुमकिन है तो आप हर दूसरी पारी में शतक की बात कर रहे हैं। अगर आप इसे सिर्फ 2027 वर्ल्ड कप तक, 36 पारियों और उन सब चीजों तक सीमित रखते हैं तो यह बहस का मुद्दा है।" उन्होंने आगे कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच 195 रनों की दमदार साझेदारी की तारीफ की, जिससे भारतीय टीम ने दूसरे वनडे में 358/5 का विशाल स्कोर बनाया।
पूर्व तेज गेंदबाज ने आगे कहा, “ऋतुराज और विराट के बीच पार्टनरशिप शानदार थी, जिसमें कोई शक नहीं है। अगर आप इस सीरीज में विराट का स्ट्राइक रेट देखें तो यह निश्चित रूप से चर्चा का विषय है। यह बहुत साफ है कि वह शुरू से ही आक्रामक दिख रहे हैं।'' पावर प्ले के भीतर भारत का स्कोर दो विकेट पर 62 रन हो गया था। इसके बाद, फॉर्म में चल रहे कोहली और गायकवाड़ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेले। गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 105 रन बनाए। यह उनकी पहले वनडे सेंचुरी हैं। कोहली ने साउथ अफ्रीका का के खिलाफ पिछली तीन वनडे पारियों में शतक लगाने का कमाल किया है। वह शनिवार को विशाखापट्टनम में होने वाले तीसरे और निर्णायक मैच में शतक जमाने की फिराक में होगी






