
आप कभी भी टीम से बड़े नहीं…भारत के खिलाफ जीत दर्ज कर एडन मारक्रम ने क्यों और किसके लिए कही ये बात?
भारत के खिलाफ दूसरे टी20 में शानदार जीत दर्ज कर साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने टीम के खिलाड़ियों की तारीफ में पुल बांधे हैं। उन्होंने इस दौरान कहा कि आप कभी भी टीम से बड़े नहीं होते, यह बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह बात किसके लिए कही?
साउथ अफ्रीका ने दूसरे टी20 में भारत को 51 रनों से धूल चटाते हुए 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी की। साउथ अफ्रीका के इस शानदार कमबैक से टीम के कप्तान एडन मारक्रम काफी खुश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने अपने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। हालांकि इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जिसके बारे में हर कोई जानने को इच्छुक हैं कि उन्होंने यह बात किसके लिए कही है। मारक्रम ने मैच के बाद कहा कि आप कभी भी टीम से बड़े नहीं होते, यह बहुत महत्वपूर्ण है। तो बता दें कि उन्होंने यह बात अपने लिए और अपने बैटिंग ऑर्डर को लेकर कही थी।
साउथ अफ्रीका के लिए कभी पारी का आगाज करने वाले एडन मारक्रम टीम कॉम्बिनेशन को देखते हुए टी20 में अब मिडिल ऑर्डर में बैटिंग कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने कहा, “मेरा मतलब है कि टीम को जो भी काम चाहिए, आप उसे करने के लिए तैयार रहते हैं। मैंने पिछले कुछ सालों में मिडिल ऑर्डर में बैटिंग की है, और तीन टॉप-ऑर्डर बैट्समैन में से, मैं शायद उसके लिए सबसे सही था। आप कभी भी टीम से बड़े नहीं होते, यह बहुत जरूरी है। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि बहुत से लोग ऐसे ही जीते हैं, और यह एक अच्छी बात है। देखिए, हम सोचेंगे। बीच में मेरी पारी, मैं शायद उन गेंदों को थोड़ा और बेहतर तरीके से मैक्सिमाइज करना चाहूंगा। लेकिन हम सोचेंगे और यहां-वहां कुछ परसेंटेज ढूंढने की कोशिश करेंगे। फिर पक्का करेंगे कि हम कल फिर से फ्रेश होकर शुरू करें।”
साउथ अफ्रीका के लिए इस मैच में क्विंटन डी कॉक जीत के हीरो रहे, जिन्हें 90 रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। उनके इस योगदान की वजह से ही साउथ अफ्रीका की टीम 213 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही।
मारक्रम ने टीम की जीत को लेकर कहा, “हां, आज रात बहुत बेहतर था। जाहिर है, हमने क्विनी (डी कॉक) की एक खास पारी और आखिर में कुछ बहुत अच्छे योगदान से शुरुआत की, जिससे हम एक बहुत अच्छे टोटल तक पहुंचे। मुझे लगा कि पहले गेम में बॉलर अच्छे थे और आज शाम और भी बेहतर थे, इसलिए वे निश्चित रूप से सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जो देखना बहुत अच्छा है। और जाहिर है, फील्डिंग के नजरिए से, पहले दो गेम बहुत अच्छे रहे हैं। यह (हालात) अच्छे थे। जब गेंद सही एरिया में होती थी, तो बॉलर के लिए कुछ न कुछ होता था, खासकर जब वह नई और हार्ड होती थी। और अगर कोई बैटर अंदर आ जाता, जैसा कि हमने क्विनी और तिलक के साथ देखा, तो वे बॉलर पर दबाव डाल सकते थे। तो एक अच्छा विकेट, अच्छा साइज का फील्ड, काफी फेयर भी। शानदार स्टेडियम, यहां इंडिया के लिए बहुत अच्छा सपोर्ट, और एक अच्छा गेम जिसका हिस्सा बनना था।”
बात मैच की करें तो, सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। उनके इस फैसले को क्विंटन डी कॉक ने पहले 6 ओवर में ही गलत साबित कर दिया था, जब साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट के नुकसान पर 53 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। डी कॉक 46 गेंदों पर 5 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों के साथ 90 रनों की पारी खेल एक छोर से तबाही मचाते रहे, वहीं दूसरे छोर पर एडन मारक्रम (29), डोनोवन फरेरा (30) और डेविड मिलर (20) ने आकर छोटी मगर शानदार पारियां खेल उनका साथ दिया। साउथ अफ्रीका निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 213 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रहा।
214 के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। शुभमन गिल पहले ही ओवर में गोल्डन डक पर आउट हुए वहीं अभिषेक शर्मा भी उनके पीछे-पीछे 8 गेंदों पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक बार फिर निराश किया। पावरप्ले खत्म होने के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 51 रन था। नंबर-5 पर आए तिलक वर्मा ने जरूर एक छोर को संभालते हुए 34 गेंदों पर 2 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 62 रनों की पारी खेली, मगर उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। इस बार हार्दिक पांड्या भी अपना जलवा बिखेरने में नाकामयाब रहे। ओटनील बार्टमैन ने 4 विकेट के साथ साउथ अफ्रीका के स्टार बॉलर रहे। भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 के स्कोर पर सिमट गई।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




