
यशस्वी ने ध्वस्त किया सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, कोलकाता टेस्ट में फ्लॉप होने के बावजूद निकले आगे
संक्षेप: भारतीय टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में बल्ला नहीं चला। हालांकि, यशस्वी ने सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है। शुक्रवार को मुकाबले के पहले दिन दक्षिण अफ्रीकी टीम 159 रनों पर सिमटी। जवाब में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 27 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 12 रन बनाए। उन्हें मार्को यान्सेन ने सातवें ओवर में बोल्ड किया। यह 22 वर्षीय यशस्वी के टेस्ट करियर की 50वीं पारी थी। हालांकि, यशस्वी ने कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में फ्लॉप होने के बावजूद महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

दरअसल, यशस्वी टेस्ट क्रिकेट में 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में सचिन से आगे निकल गए हैं। वह 2420 रनों के साथ चौथे पायदान पर हैं। सचिन ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआती 50 पारियों में 2415 रन जुटाए थे। 50 पारियों के बाद भारत के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम दर्ज है। पूर्व सलामी बल्लेबाज और भारत के मौजूद हेड कोच गंभीर ने 2692 रन जोड़े थे। उनके बाद पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ हैं, जिन्होंने 2540 रन बनाए। पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 50 पारियों में 2535 रन बटोरे थे।
कोलकाता टेस्ट की बात करें तो पहले दिन स्टंप्स तक भारत ने एक विकेट पर 37 रन बनाकर साथ अपनी स्थिति मजबूत कर ली। भारत पहली पारी में अभी 122 रन पीछे है जबकि क्रीज पर लोकेश राहुल (13) के साथ वॉशिंगटन सुंदर (6) नाबाद हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने भी शानदार लाइन लेंथ से गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। केशव महाराज ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से राहुल को थोड़ा परेशान किया और गेंद कुछ मौकों पर उनके बल्ले और विकेट के बेहद करीब से निकली। यही हाल तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आए सुंदर का भी रहा लेकिन दोनों बल्लेबाज अपना विकेट बचाने में सफल रहे।






