
IND vs SA: यशस्वी जायसवाल का टेस्ट में अनोखा कारनामा, ओपनर के साथ 28वें मैच में भी हुआ ऐसा
India vs South Africa: यशस्वी जायसवाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मैदान पर उतरते ही अनोखा कारनामा अंजाम दिया। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। शनिवार को मैच का पहले दिन था। भारतीय टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने गुवाहाटी मैदान पर उतरते ही अनोखा कारनामा अंजाम दिया। उनका एक ही मैदान पर दोबारा टेस्ट मैच नहीं खेलने का रिकॉर्ड बरकरार है। यह उनके टेस्ट करियर का 28वां मैच है। वह अब तक हर बार अलग मैदान पर टेस्ट मैच खेलने उतरे हैं। बरसापारा स्टेडियम पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी कर रहा है।
यशस्वी ने जुलाई 2023 में रोसो के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने पहले मैच में 171 रनों की पारी खेलकर दुनिया को बताया कि वह लंबी रेस के घोड़े हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विदेशी पिचों पर परफॉर्म करने की काबिलियत को दिखाया। उन्होंने 2024 में घर पर इंग्लैंड के खिलाफ झंडे गाड़े। तब उन्होंने दो डबल सेंचुरी लगाईं और भारत ने सीरीज 4-1 से सीरीज जीती। वह ऑस्ट्रेलिया में एक और इंग्लैंड में दो टेस्ट सेंचुरी लगा चुके हैं।
23 वर्षीय यशस्वी ने अभी तक 49.79 के औसत से 2440 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से सात सेंचुरी और 12 अर्धशतक निकले हैं। उनका सबसे लंबे फॉर्मेट में हाईएस्ट स्कोर 212 है। हालांकि, यशस्वी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के पहले टेस्ट में संघर्ष करते हुए नजर आए। उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहली पारी में 27 गेंदों में 12 बनाए जबकि दूसरी पारी में चार गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खुला। भारत को इस मैच में 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 रनों से हार मिली थी।
गुवाहाटी टेस्ट के पहले दिन की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। वहीं, भारत ने स्पिनर कुलदीप यादव की अगुवाई में आखिरी सेशन में चार विकेट लेकर अच्छी वापसी की। भारत ने पहले दो सत्र में एक-एक विकेट लिया लेकिन तीसरे सत्र में वापसी करके उसने पहले दिन दोनों टीम का पलड़ा बराबरी पर रखा। खराब रोशनी के कारण जब 81.5 ओवर में दिन का खेल समाप्त किया गया तब दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 247 रन बनाए थे।






