
विराट कोहली का हफ्ते का पसंदीदा दिन कौन सा है? 83 इंटरनेशनल सेंचुरी का ये रिकॉर्ड करेगा हैरान!
भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली इंटनरेशनल क्रिकेट में अब तक 83 सेंचुरी लगा चुके हैं। जानिए, कोहली ने हफ्ते के किस दिन सबसे ज्यादा शतक लगाए और किस दिन सबसे कम?
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में जमकर बल्ला बोला। उन्होंने रांची में 120 गेंदों में 135 रनों की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और सात सिक्स हैं। यह उनका वनडे में 52वां शतक था। वह एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले प्लेयर बन चुके हैं। कोहली ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 83 शतक लगाए हैं। उन्होंने टेस्ट में 30 जबकि टी20 इंटनेशनल क्रिकेट में एक सेंचुरी जमाई। वह टेस्ट और T20I से रिटायर हो गए हैं। चलिए, आपको बताते हैं कि कोहली ने हफ्ते के किस दिन कितनी सेंचुरी लगाईं? यह रिकॉर्ड हैरान करने वाला है।
कोहली का हफ्ते का पसंदीदा दिन कौन सा है?
कोहली का सेंचुरी जड़ने के लिए हफ्ते का सबसे पसंदीदा दिन रविवार है। उन्होंने इस दिन सबसे ज्यादा 25 शतक ठोके हैं। 37 वर्षीय स्टार क्रिकेटर ने 83वां शतक भी रविवार को ही जड़ा। वहीं, कोहली ने गुरुवार को 15 सेंचुरी मारने का कारनामा अंजाम दिया है। उन्होंने बुधवार और शनिवार को 11-11 शतक लगाए। उन्होंने शुक्रवार को 9 जबकि मंगलवार के दिन 7 सेंचुरी लगाईं। कोहली ने हफ्ते में सबसे कम शतक सोमवार को लगाए हैं। उनके बल्ले से इस दिन केवल पांच शतक निकले हैं। कोहली रांची के बाद अब रायपुर में धमाल माचने की फिराक में होंगे, जहां बुधवार को दूसरा वनडे होगा।
कोहली के शतक के दम पर बना विशाल स्कोर
कोहली के शतक के दम पर भारत ने रांची में 349/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रनों पर सिमट गई। भारत ने 17 रनों से जीत हासिल की थी। कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया था। कोहली ने मैच के बाद कहा, ''ऐसा मैच देखना शानदार रहा। 20-25 ओवर तक तेज खेला। मैं खेल का लुत्फ उठाना चाहता था। जब आपको अच्छी शुरूआत मिल जाती है तो आपका अनुभव काम आता है जिससे आप पारी आगे बढ़ाते हो। मैं ज्यादा तैयारी करने पर भरोसा नहीं रखता। मेरा सारा क्रिकेट मानसिक स्थिति का रहा है। मैं शारीरिक रूप से कड़ी मेहनत करता हूं।''






