
बस खुशी है कि हम दोनों...प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे विराट कोहली ने कही दिल की बात
भारत के स्टार बल्लेबाज और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने विराट कोहली ने अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में अपने प्रदर्शन को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद रांची में खेले गए पहले वनडे को बहुत खास बताया है, जिसमें उन्होंने 135 रन बनाए।
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्ले से खूब रन बटोरे। रांची और रायपुर वनडे में शतक लगाने वाले विराट कोहली विशाखापटनम में भी अफ्रीकी गेंदबाजों पर हावी रहे और ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाया। प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे विराट कोहली ने बताया कि इस सीरीज में रांची में लगाया शतक उनके लिए खास रहा। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया से आने के बाद उन्होंने कोई मैच नहीं खेला था। वहीं उन्होंने ये भी कहा है कि वह खुश हैं कि दोनों (रोहित) टीम के लिए लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं।
विराट कोहली ने मैच खत्म होने के बाद कहा, ''ईमानदारी से कहूं, जिस तरह से मैंने ये सीरीज खेला, ये मेरे लिए काफी संतोषजनक रहा है। मेरे दिमाग में अच्छा महसूस होता है। मैंने पिछले 2-3 साल में ऐसा नहीं खेला है। मैं जानता हूं कि मैं मैदान पर ऐसी बल्लेबाज कर सकता हूं, टीम को काफी मदद मिलती है। मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है, मैदान पर कैसी भी स्थिति हो, मैं इसे संभाल सकता हूं और टीम के हित में ले आ सकता हूं। जब आप इतना लंबा खेलते हैं- 15-16 साल, आप खुद पर शंका करते हैं। खासकर बतौर बल्लेबाज आप एक गलती से आउट हो सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा, '' यह एक पूरी यात्रा है, जिसमें आप बेहतर होते जाते हैं और एक व्यक्ति के रूप में भी आप बेहतर बनते हैं। यह आपको एक व्यक्ति के रूप में निखारता है और साथ ही आपके स्वभाव को भी बेहतर बनाता है। मुझे बस इस बात की खुशी है कि मैं अभी भी टीम के लिए योगदान दे पा रहा हूं। जब मैं आजादी से खेलता हूं, तो मुझे पता है कि मैं छक्के लगा सकता हूं। हमेशा ऐसे स्तर होते हैं जिन्हें आप अनलॉक कर सकते हैं। रांची में पहला मैच (जीतना) - क्योंकि मैंने ऑस्ट्रेलिया के बाद से कोई मैच नहीं खेला था, इसलिए यह खास था। उस दिन आपकी ऊर्जा कैसी है, रांची मेरे लिए बहुत खास है और मैं बहुत आभारी हूँ कि ये तीनों मैच कैसे हुए।
पूर्व कप्तान कोहली ने कहा, ''इसने हमेशा हम में से सर्वश्रेष्ठ को बाहर निकाला है - हम इसीलिए खेलना चाहते हैं। जब स्कोर 1-1 हो जाता है, तो हम टीम के लिए कुछ खास करना चाहते हैं। इसीलिए हम इतने लंबे समय से टीम के लिए खेल रहे हैं। बस खुशी है कि हम दोनों इतने लंबे समय तक ऐसा करते रहे।"
शस्वी जायसवाल (नाबाद 116), विराट कोहली (नाबाद 65) तथा रोहित शर्मा (75) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने दक्षिण अफ्रीका को शनिवार को तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 61 गेंदे शेष रहते नौ विकेट से रौंद दिया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली






