
विराट कोहली का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खूब चला है बल्ला, आंकड़े उड़ा देंगे बावुमा के होश
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। उन्होंने 31 मैचों में 1504 रन बनाए हैं। रांची में भी कोहली के बल्ले से खूब रन निकले हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 30 नवंबर को रांची में होने जा रहा है। नियमित कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं है। केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर मैदान पर भारत का प्रतिनिधित्व करने उतरेंगे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में आखिरी मैच में इस जोड़ी ने तहलका मचाया था और टीम को दमदार जीत दिलाई थी। अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है और वह रांची में होने वाले वनडे में अपने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेंगे।
टेस्ट सीरीज में करारी हार के बाद भारतीय टीम वनडे फॉर्मेट में दिग्गज खिलाड़ियों, खासकर विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी से मजबूती हासिल करना चाहेगी। वनडे क्रिकेट में विराट कोहली का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमेशा से बेहद प्रभावशाली रहा है। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 31 मैचों में 65.39 के औसत से 1504 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने पांच शतक और आठ अर्धशतक जड़े हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला वनडे रांची में खेला जाएगा। वहीं इस मैदान पर विराट कोहली का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। विराट कोहली ने 5 मैचों में 192 के औसत से 384 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है। रांची में उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 139 रनों की पारी खेली थी। उनका औसत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को इस मैदान पर कोहली को रोकने के लिए कुछ खास रणनीति बनानी होगी। इस सीरीज़ में कोहली के पास एक और बड़ा विश्व रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वह द्विपक्षीय वनडे सीरीज में 10,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने से सिर्फ 64 रन दूर हैं।






