
IND vs SA: कुछ गड़बड़ है, उन्हें क्यों चुना गया? आर अश्विन ने उठाया भारतीय टीम के सिलेक्शन पर सवाल
India vs South Africa: नीतीश कुमार रेड्डी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में बाहर रखने पर आर अश्विन ने सवाल उठाया है। भारतीय टीम ने रांची में 17 रनों से करीबी जीत दर्ज की।
भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने रविवार को रांची में पहले वनडे में 17 रनों से जीत दर्ज की। भारत ने 349/8 का स्कोर बनाने के बाद मेहमान टीम को 332 पर ढेर किया। भारत की जीत के बाद पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने कहा कि टीम के सिलेक्शन पर कुछ गड़बड़ है। उन्होंने नीतीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर सवाल उठाया है। रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे डेब्यू किया था। वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा थे। ऐसे में उम्मीद थी कि हार्दिक पांड्या की तरह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर रेड्डी वनडे सीरीज के पहले मैच में खेलेंगे।
बता दें कि धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक एशिया कप 2025 में चोटिल हो गए थे। वह तब से भारतीय टीम से बाहर चल रहे है। हार्दिक साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज में वापसी कर सकते हैं। अश्विन ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर कहा, ''हार्दिक पंड्या की गैर-मौजूदगी में भी अगर हम उस टीम में नीतीश कुमार रेड्डी के लिए जगह नहीं ढूंढ पा रहे हैं तो स्कॉड के सिलेक्शन में कुछ गड़बड़ है। उन्हें क्यों चुना गया? वह हार्दिक की तरह योगदान (बैट और बॉल से) दे सकते हैं। वह समय के साथ बेहतर हो सकते हैं। लेकिन अगर हम इस इलेवन में नीतीश के लिए जगह नहीं बना पाते हैं तो स्क्वॉड सिलेक्शन को ठीक से रिव्यू किया जाना चाहिए।''
22 वर्षीय रेड्डी ने अभी तक भारत के लिए 16 मैच खेले हैं। वह 10 टेस्ट, दो वनडे और चार टी20 इंटरनेशनल में मैदान पर उतरे हैं, जिसमें क्रमशः 396, 27 और 90 रन बनाए। उनके बल्ले से एक शतक निकला है। उन्होंने भारत के लिए अब तक 11 विकेट लिए हैं। रेड्डी ने दो वनडे में 5.1 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें 40 रन खर्च करने के बाद कोई विकेट हीं मिला। भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने रेड्डी को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट डेब्यू कैप दी थी। वहीं, युवा ऑलराउंडर को ऑस्ट्रेलिया में पर्थ वनडे के दौरान 'हिटमैन' रोहित शर्मा से वनडे कैप मिली थी।






