
दक्षिण अफ्रीका जीत के बाद भी करेगा प्लेइंग इलेवन में बदलाव, इन खिलाड़ियों को मिलेगी एंट्री
दक्षिण अफ्रीका की टीम तीसरे और अंतिम वनडे में बदलाव के साथ उतर सकती है। उसके दो खिलाड़ी (बर्गर और टोनी डीजॉर्जी) हैमस्ट्रिंग से जूझ रहे हैं और उनके जल्दी फिट होने के आसार कम है, ऐसे में अफ्रीका को अन्य विकल्प तलाशने होंगे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के ही पास वनडे सीरीज अपने नाम करने का मौका है। सीरीज 1-1 से बराबरी पर है और निर्णायक मुकाबला विशाखापट्टनम में शनिवार को खेला जाना है। पहले दो मैचों में खूब रन बने हैं और अंतिम मैच भी कुछ ऐसा ही होने की उम्मीद है। भारत को ओस ने दोनों मैचों में परेशान किया है और इस बार में वे कोशिश करेंगे कि किसी तरह टॉस जीत जाएं। हालांकि, विशाखापत्तनम में कितनी ओस आती है ये भी देखने वाली बात रहेगी। आइए इस मैच में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन और पिच रिपोर्ट पर एक नजर डालते हैं।
टीम न्यूज- बर्गर और डीजॉर्जी पर निगाहें
भारत के पास अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करने की वजह नजर नहीं आती। प्रसिद्ध कृष्णा 8.48 की इकॉनमी से रन दे रहे हैं, लेकिन भारत के पास स्क्वॉड में उनका कोई विकल्प नहीं है और वे किसी विशेषज्ञ गेंदबाज की जगह ऑलराउंडर को शामिल नहीं करेंगे।
दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका के दो खिलाड़ी हैमस्ट्रिंग चोट की वजह से मैदान से बाहर चले गए थे। दोनों में से कोई भी आगे मैच में नहीं खेल पाया। हैमस्ट्रिंग इतनी जल्दी ठीक नहीं होती, इसलिए उम्मीद है कि बर्गर और टोनी डीजॉर्जी की जगह ऑटनील बार्टमैन और रायन रिकल्टन खेलेंगे।
पिच और परिस्थितियां
विशाखापत्तनम में भारत की पिछली दो वनडे पारियां इस मैदान की परिस्थितियों के दो अलग रूप दिखाती हैं। दिसंबर 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 387 रन बनाए थे, वहीं मार्च 2023 में ऑस्ट्रेलिया के सामने 117 पर ढेर हो गया था। पिच तैयार करने में मौसम की कोई दिक्कत नहीं रही है, इसलिए उम्मीद है कि यहां ज़्यादा रन बनेंगे। तापमान रांची और रायपुर की तुलना में थोड़ा अधिक रहेगा, लेकिन क्रिकेट के लिए अब भी आरामदायक होगा।
भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 17 रन से जीता था, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने दूसरा वनडे 4 विकेट से अपने नाम किया। सीरीज का तीसरा मुकाबला शनिवार को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।
भारत (संभावित): 1 यशस्वी जायसवाल, 2 रोहित शर्मा, 3 विराट कोहली, 4 ऋतुराज गायकवाड़, 5 केएल राहुल (कप्तान व विकेटकीपर), 6 वॉशिंगटन सुंदर, 7 रवींद्र जडेजा, 8 हर्षित राणा, 9 कुलदीप यादव, 10 अर्शदीप सिंह, 11 प्रसिद्ध कृष्णा
दक्षिण अफ्रीका (संभावित): 1 एडन मारक्रम, 2 क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), 3 टेम्बा बावुमा (कप्तान), 4 मैथ्यू ब्रीत्ज़के, 5 रायन रिकल्टन, 6 डेवॉल्ड ब्रेविस, 7 मार्को यानसन, 8 कॉर्बिन बॉश, 9 केशव महाराज, 10 लुंगी एन्गिडी, 11 ऑटनील बार्टमैन






