Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs SA Shubman Gill looked in full flow After 24 days Hardik Pandya's no show created some talking point
IND vs SA: 24 दिन बाद आए शुभमन गिल ने दो घंटे किया ये काम, हार्दिक पांड्या के फैसले से लगे कयास

IND vs SA: 24 दिन बाद आए शुभमन गिल ने दो घंटे किया ये काम, हार्दिक पांड्या के फैसले से लगे कयास

संक्षेप:

बल्लेबाज शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज से पहले जमकर पसीना बहाया। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अभ्यास नहीं किया, जिसकी वजह से कयास लगने लगे। पहला मैच कटक के मैदान पर आयोजित होगा।

Dec 08, 2025 10:50 pm ISTMd.Akram कटक, भाषा
share Share
Follow Us on

शुभमन गिल ने दो घंटे तक कड़े अभ्यास के साथ वापसी की जबकि फिट हो चुके हार्दिक पांड्या ने कटक के बाराबती स्टेडियम में टी20 सीरीज के पहले मैच से पूर्व सोमवार को ट्रेनिंग सत्र से बाहर रहने का फैसला किया। भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान गिल गर्दन में ऐंठन और 24 दिन के रिहैबिलिटेशन के बाद वापस आए हैं और वह पूरी तरह से फिट दिखे। उन्होंने नेट पर बल्लेबाजी से पहले फील्डिंग और कैचिंग ड्रिल से शुरुआत की। बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों का सामना किया, जिसमें जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और यहां तक ​​कि अभिषेक शर्मा भी उन्हें गेंदबाजी की। अभिषेक ने हालांकि बल्लेबाजी का अभ्यास नहीं करने का फैसला किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मुख्य विकेट के पास मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत के बाद गिल ने बल्लेबाजी का अभ्यास किया और उनके शानदार शॉट बार-बार गैलरी में गए। लोगों को बिना किसी भुगतान के अभ्यास सत्र देखने की इजाजत थी और जब गिल बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे तो लगभग पांच हजार प्रशंसक उनकी हौसलाअफजाई कर रहे थे। उन्होंने कुछ मौकों पर शिवम दुबे से भी लंबे शॉट खेले। विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी गिल के साथ सबसे पहले अभ्यास किया जिससे संकेत मिलता है कि उन्हें सीरीज के पहले मैच में जितेश शर्मा पर तरजीह मिल सकती है। केरल के इस खिलाड़ी को हालांकि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है।

ये भी पढ़ें:जब एग्जाम देते हैं तो चार दिन...कप्तान सूर्या ने क्यों दिया स्कूल का उदाहरण?

कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि गिल पारी का आगाज करने के हकदार हैं। सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘शुभमन ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में उनसे पहले बल्लेबाजी की थी इसलिए वह उस जगह के हकदार हैं लेकिन हमने संजू को मौके दिए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार थे। असल में किसी भी खिलाड़ी को तीसरे से छठे स्थान तक कहीं भी बल्लेबाजी करते हुए लचीलापन दिखाते हुए देखना अच्छा है। यह एक बात है जो मैंने सभी बल्लेबाजों को बताई है। सलामी बल्लेबाज के अलावा सभी को लचीलापन दिखाना होगा।’’

ये भी पढ़ें:शुभमन गिल ने अपनी फिटनेस पर तोड़ी चुप्पी, बोले- मुझे लगता है कि जिस दिन...

अगर गिल की वापसी ने लगभग ढाई घंटे के सत्र में जान डाल दी तो पांड्या के नहीं आने से कयास लगे। रविवार को बाराबती में जल्दी पहुंचने और लगभग एक घंटे तक अकेले ट्रेनिंग करने के बाद इस ऑलराउंडर ने ऐहतियात के तौर पर टीम के मुख्य सत्र में हिस्सा नहीं लिया। भारत के अभ्यास सत्र से पहले मीडिया से हुई बातचीत में सूर्यकुमार ने कहा था कि पांड्या ‘फिट और ठीक’ हैं जिससे किसी भी नई चोट की चिंता खत्म हो गई। एशिया कप के दौरान बाईं जांघ में लगी चोट के बाद वापसी कर रहे हार्दिक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार वापसी करते हुए पंजाब के खिलाफ बड़ौदा के लिए 42 गेंद में नाबद 77 रन बनाने के अलावा चार ओवर में 52 रन देकर एक विकेट भी चटकाया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की हिदायत पर वह यहां होने वाले मैच से पूर्व हरियाणा के खिलाफ नहीं खेले।

ये भी पढ़ें:हार्दिक के शुरुआती ओवर डालने से हमें काफी विकल्प मिलते हैं: सूर्यकुमार यादव

पांड्या के चोट के इतिहास को देखते हुए उनके काम का बोझ हमेशा एक नाजुक विषय रहा है। फरवरी में होने वाले विश्व कप से पहले भारत के 10 टी20 मुकाबलों में पांड्या पर कड़ी नजर रखी जाएगी और यह तय है कि वह सभी मैच नहीं खेलेंगे। दक्षिण अफ्रीका के साथ पांच मैच की सीरीज के बाद भारत न्यूजीलैंड के साथ भी पांच और मैच खेलेगा। टीम सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खिताब की रक्षा का अपना अभियान शुरू करने से पहले एक आधिकारिक अभ्यास मैच भी खेलेगी। सूर्यकुमार ने बताया कि पांड्या टीम के लिए कितने जरूरी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आपने एशिया कप में देखा था कि जब वह नई गेंद फेंक रहे थे तो उन्होंने हमारे लिए बहुत सारे विकल्प, बहुत सारे संयोजन खुले थे।’’ सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘उसके आने से हमें यही मिलता है। आईसीसी के बड़े मुकाबलों में खेलने का उनका अनुभव काफी मायने रखता है। उनकी मौजूदगी से टीम को अच्छा संतुलन मिलता है।’’

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |