
टीम में आते ही संजू सैमसन का धमाल, पूरे किए 1000 रन; टी20 क्रिकेट में बना लिए 8000 रन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मुकाबले में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी के दौरान दो ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं। संजू ने टी20 इंटरनेशनल में एक हजार रन और टी20 क्रिकेट में 8000 रन पूरे किए।
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने शुक्रवार को टी20 क्रिकेट में दो बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सैमसन को लगातार मैचों में मौका नहीं मिला। हालांकि पांचवें मैच में शुभमन गिल की इंजरी के कारण उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। संजू सैमसन ने जैसे ही अपनी पारी का चौथा रन बनाया, उन्होंने टी20 करियर में 8,000 रन पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले 7वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। सैमसन से पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव, सुरेश रैना और केएल राहुल ने ये कारनामा किया है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5वें मैच के दौरान 5वां रन लेते ही सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए। वह टी20 इंटरनेशनल में एक हजार रन पूरा करने वाले भारत के 14वें खिलाड़ी बन गए हैं। सैमसन ने यह दोनों कीर्तिमान मार्को यान्सेन की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर हासिल किए। इस साल संजू सैमसन का प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट (केरल क्रिकेट लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) में बेहद शानदार रहा था। केरल क्रिकेट लीग में उन्होंने 5 मैचों में 368 रन बनाए, जिसमें 1 शतक (121 रन) और 4 अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 186.80 का रहा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल के लिए खेलते हुए उन्होंने लगातार अच्छी पारियां खेलीं।
उपकप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण खेल रहे सैमसन ने मौके का पूरा फायदा उठाया और अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की टीम के चयन के लिये शनिवार को बैठक करने वाली समिति के सामने अपना दावा पुख्ता किया । सैमसन को जॉर्ज लिंडे ने लेग स्टम्प पर पड़ती गेंद पर आउट किया। सैमसन ने मार्को यानसेन को छक्का जड़कर शुरूआत की और ओटनील बार्टमैन को भी दो शानदार स्ट्रोक्स लगाये। सैमसन को आउट होने से ठीक पहले जीवनदान भी मिला जब डोनोवान फरेरा उनका रिटर्न कैच लपकने से चूके और गेंद अंपायर रोहन पंडित को घुटने के पास लगी।
संजू सैमसन ने पांचवें मैच में 22 गेंद में 37 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और दो छक्के लगाए। संजू ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 34 गेंद में 63 रन जोड़े। वहीं तिलक वर्मा के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 21 गेंद में 34 रन जोड़े।






