
कप्तान राहुल लेकिन रोहित शर्मा ने की मनमानी, कुलदीप को बार-बार रिव्यू लेने से रोका
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापत्तनम में खेले गए वनडे मैच के दौरान कप्तान रोहित शर्मा और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच एक बार फिर DRS को लेकर हंसी-मजाक देखने को मिला। रोहित का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दक्षिण अफ्रीका तीसरे वनडे में शनिवार को भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 270 रन पर आउट हो गया। दक्षिण अफ्रीका की पारी के दौरान रोहित शर्मा का मजाकिया अंदाज एक बार फिर देखने को मिला। अफ्रीका के 43वें ओवर के दौरान कुलदीप यादव ने लुंगी एनगिडी के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की लेकिन अंपायर ने मना कर दिया और फिर कुलदीप राहुल से डीआरएस की मांग करने लगे लेकिन स्लिप में खड़े रोहित ने कुलदीप को वापस गेंदबाजी करने के लिए कहा। हालांकि इस दौरान कुलदीप अड़े हुए थे। राहुल ने भी भाव नहीं दिया। वहीं कुलदीप रोहित के इशारे देखकर हंसते हुए वापस अपने बॉलिंग रनअप पर चले गए।

43वें ओवर में कुलदीप यादव ने अफ्रीकी बल्लेबाज कार्बिन बॉश को पवेलियन का रास्ता दिखाया था और विकेट की तलाश में थे। इस दौरान उन्होंने एलबीडब्ल्यू के लिए कप्तान केएल राहुल से रिव्यू की मांग की लेकिन रोहित अड़ गए हैं और ना लेने के लिए बोला। कप्तान राहुल भी रोहित और कुलदीप के बीच इशारों में हो रही बातचीत को देखकर हंस रहे थे। फैंस को भी रोहित का ये अंदाज काफी पसंद आया। क्योंकि आमतौर पर कुलदीप अपील करते हुए रिव्यू की मांग करने लगते हैं और लगातार कप्तान से बहस करते हुए देखे जाते हैं।
डिकॉक ने 89 गेंद की पारी में आठ चौके और छह छक्के की मदद से 106 रन बनाने के अलावा कप्तान तेम्बा बावुमा (48) के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 और मैथ्यू ब्रीट्जके (24) के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका 28वें ओवर तक दो विकेट पर 167 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहा था लेकिन कृष्णा (9.5 ओवर में 66 रन पर एक विकेट) ने 29वें ओवर में दो विकेट लेकर भारत की वापसी कराने के बाद डिकॉक को भी चलता किया। इसके बाद कुलदीप (10 ओवर में 41 रन पर चार विकेट) ने डेवाल्ड ब्रेविस (29), मार्को यानसन (17) और कोर्बिन बोश (नौ) जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को आउट कर मैच पर भारत का दबदबा बनाये रखा।






