
क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ जड़ा 7वां शतक, दिग्गज सनथ जयसूर्या का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा
सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना सातवां शतक जड़कर एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने सनथ जयसूर्या के भारत के खिलाफ सबसे कम पारियों में सात शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा।
दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने शनिवार को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में दमदार शतक लगाया है। शुरुआती दो मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके डिकॉक ने विशाखापत्तनम में खेले जा रहे मुकाबले में 80 गेंद में शतक पूरा किया। क्विंटन डिकॉक का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने वनडे में टीम इंडिया के खिलाफ सातवां शतक लगाया है।
सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ नौ बार 50 से अधिक स्कोर बनाया है और उसमें से सात बार उन्होंने इसे शतक में बदला है। इस बार भी तीसरे मैच के दौरान उन्होंने यही कारनामा दोहराया है। क्विंटन डिकॉक ने श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था। उन्होंने 85 पारियों में सात शतक लगाए थे लेकिन क्विंटन डिकॉक ने सिर्फ 24 पारियों में सात शतक जड़ दिए हैं।
इससे पहले केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने इस तरह से वनडे में लगातार 20 मैच में टॉस गंवाने का सिलसिला खत्म कर दिया। भारत ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए वाशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को अंतिम एकादश में शामिल किया है। दक्षिण अफ्रीका ने नांद्रे बर्गर और टोनी डी जॉर्जी कि चोटिल होने के कारण उनकी जगह पर रयान रेकलटन और ओटनील बार्टमैन को टीम में लिया है।
दोनों टीमों के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है। भारत ने रांची में खेला गया पहला वनडे 17 रन से जीता था, जबकि दक्षिण अफ्रीका रायपुर में खेला गया दूसरा वनडे चार विकेट से जीतने में सफल रहा था।






