
इस रिजल्ट को निगलना मुश्किल नहीं… करारी हार के बाद ये क्या बोल गए कप्तान केएल राहुल?
भारतीय टीम को दूसरे वनडे में 359 का टारगेट देने के बावजूद साउथ अफ्रीका के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। जानिए, रायुपर वनडे के बाद कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने क्या कुछ कहा?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। भारत को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने विराट कोहली (102) और ऋतराज गायकावड़ (105) के शतक के दम पर 359 का विशाल टारगेट दिया था। साउथ अफ्रीका ने 49.2 ओवर में छह विकेट पर 362 रन बनाकर विजयी परचम फहराया। यह साउथ अफ्रीका की विदेशी सरजमीं पर लक्ष्य का पीछा करते हुए की सबसे बड़ी जीत है जबकि वनडे में भारत के खिला टारगेट चेज करते हुए किसी भी टीम की संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने 2019 में मोहाली में भारत के खिलाफ 359 का टारगेट चेज किया था। कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने बताया कि टीम इंडिया को दूसरे वनडे में क्यों करारी हार मिली? राहुल ने रायपुर में नाबाद 66 रनों की पारी खेलकर भारत को 350 के पार पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी।
केएल राहुल ने रायपुर वनडे के बाद कहा, ''इस रिजल्ट को निगलना ज्यादा मुश्किल नहीं हैं क्योंकि काफी ओस है और दूसरी पारी में बॉलिंग करना वाकई कठिन होता है। अंपायरों ने कई बार गेंद बदली, जो अच्छी बात है लेकिन फिर भी टॉस बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। मैं लगातार दो टॉस हारने पर खुद को कोस रहा हूं (मुस्कुराते हुए)। हमेशा कुछ चीजें होती हैं जिन्हें हम बेहतर कर सकते थे। मुझे पता है कि 350 अच्छा स्कोर लगता है लेकिन पिछले मैच के बाद भी ड्रेसिंग रूम में यही बात हो रही थी कि हम 20-25 रन कैसे और बना सकते हैं ताकि बॉलर्स को गीली बॉल से बॉलिंग करते समय कुछ सहारा मिल सके। बॉलर्स पूरी कोशिश कर रहे हैं लेकिन अभी भी सुधार की गुंजाइश है। हमने फील्ड में कुछ आसान रन भी दिए। अगर हम गेम के तीनों पहलुओं को ठीक कर सकें और थोड़े और शार्प हो सकें तो शायद वे 20-25 रन हमारे पक्ष में आ सकते हैं।''
कप्तान ने ऋतुराज और विराट पर कहा, ''ऋतु को बैटिंग करते देखना शानदार था। विराट को हमने 53 बार ऐसा करते देखा है। वह अपना काम करते रहते हैं, हमें यह देखने की आदत है। ऋतु ने जिस तरह से बैटिंग की, वो वाकई बहुत खूबसूरत था। उसने स्पिनरों का सामना किया, गैप्स में गेंद निकाली। उसने पचासा बनाने के बाद जिस रफ्तार से बैटिंग की, उसी से हमें 20 रन अधिक मिले। अगर लोअर ऑर्डर थोड़ा और योगदान दे पाता तो शायद 20 रन होते, जिनसे हम खुश होते।'' राहुल ने अपने बल्लेबाजी क्रम पर कहा, ''आज पहली बार मुझे छह नंबर पर स्लॉट किया गया और मैं नंबर-5 पर बैटिंग करने आया। विराट और ऋतु ने टेम्पो सेट किया था। गौतम भाई और मुझे लगा कि यह मेरे लिए सही समय है कि मैं आकर उस टेम्पो को जारी रखूं। मैंने पिछले गेम में फिफ्टी बनाई थी, कॉन्फिडेंट महसूस कर रहा था, इसलिए नंबर-5 पर आना बेहतर था।''






