
शुभमन गिल की चोट पर नितीश राणा ने दिया अपडेट, जानिए कैसा है कप्तान का हाल
भारतीय क्रिकेटर नीतीश राणा ने अपने करीबी दोस्त शुभमन गिल की गर्दन की चोट की रिकवरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। गिल को कोलकाता टेस्ट मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय गर्दन में ऐंठन की समस्या हुई थी, जिसके कारण उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और आगामी वनडे सीरीज दोनों से बाहर होना पड़ा है।
भारतीय टीम के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण आगामी दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर हैं। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान एक शॉट खेलते समय चोट लगी थी, जिसके बाद वह क्रीज पर नहीं उतर सके। शुक्रवार को करीबी दोस्त और साथी क्रिकेटर नीतीश राणा ने शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर बड़ी अपडेट दी है। गिल की चोट की गंभीरता को लेकर चल रही अटकलों के बीच, राणा का यह बयान उनके प्रशंसकों के लिए राहत लेकर आया है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे नीतीश राणा से जब एक प्रशंसक ने शुभमन गिल की चोट के बारे में अपडेट पूछा, तो राणा ने बड़े ही इमोशनल अंदाज में इसका जवाब दिया। उन्होंने बताया कि शुभमन गिल अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। राणा ने कहा, "ठीक हो रहा है, ठीक हो रहा है... भाई है यार मेरा छोटा वो, ठीक हो रहा है।" चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए उन्हें मुंबई में एमआरआई सहित कई टेस्ट से गुजरना पड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें नर्व टिश्यू से जुड़ी समस्या है, जिसके लिए डॉक्टरों ने पूरी तरह से आराम की सलाह दी है।
शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं और केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि वह 9 दिसंबर से शुरू होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए फिट हो सकते हैं। भारत के लिए दो टेस्ट मैच की सीरीज शर्मनाक रही। दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता में पहले टेस्ट में 30 रन से और गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट में मेजबान टीम को 408 रन से हराकर क्लीन स्वीप किया। यह भारतीय सरजमीं पर दक्षिण अफ्रीका की 25 साल में पहली जीत थी।
इस हार से टीम के प्रदर्शन और नेतृत्व को लेकर आलोचना शुरू हो गई और प्रशंसकों ने कोच गौतम गंभीर की ‘हूटिंग’ भी की। गिल ने बुधवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘शांत समुद्र आपको रास्ता दिखाना नहीं सिखाता, बल्कि तूफान ही मजबूत बनाता है। हम एक-दूसरे पर भरोसा करते रहेंगे, एक-दूसरे के लिए लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे, और मजबूत होंगे। ’’






