
IND vs SA: जब एग्जाम देते हैं तो चार दिन...कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्यों दिया स्कूल का उदाहरण?
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी को लेकर स्कूल का उदाहरण दिया। उन्होंने इसका जिक्र इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज से पहले किया।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मंगलवार से पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला मैच कटक के मैदान पर आयोजित होगा। भारतीय टीम इस मैच के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत करेगी। हालांकि, भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक दमदार बात कही। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी को लेकर स्कूल का उदाहरण दिया। कप्तान ने कहा कि इस टूर्नामेंट के लिए टीम की नींव बहुत पहले ही रख दी गई थी।
सूर्यकुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियां 2024 में टी20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद शुरू हो गई थीं। किसी भी बड़े टूर्नामेंट के लिए एक या दो महीने पहले तैयारी शुरू नहीं होती। जब स्कूल में एग्जाम देते हैं तो चार दिन पहले पढ़ना शुरू नहीं करते बल्कि पूरे साल पढ़ाई करते हैं। उसी तरह हमारी तैयारी भी है, जो काफी पहले शुरू हो गई थी। तब से आप देखेंगे कि हम नई चीजें आजमा रहे हैं और वो सब हमारे लिए काम कर रही हैं।''
पिछले साल सबसे छोटे फॉर्मेट का वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारत ने टी20 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने लगातार आठ मैच जीतकर खिताब जीता था। तब से भारत ने अपनी जीत का आंकड़ा 26 मैच तक पहुंचा दिया है, जिसमें एशिया कप 2025 में लगातार सात मैच जीतना भी शामिल है। इस बीच भारतीय टीम को केवल चार मैच में हार मिली। इस दौरान भारतीय टीम ने कोई टी20 सीरीज नहीं गांवाई।
कप्तान ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की हालिया सफलता चयन में निरंतरता का नतीजा है। सूर्या ने कहा, ''मुझे लगता है कि हमने पिछली पांच छह सीरीज में एक जैसे संयोजन के साथ खेलने की कोशिश की है। हमने ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं। सब कुछ ठीक चल रहा है। हम इसी तरह आगे बढ़ना चाहते थे।'' भारत को टी20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के अलावा न्यूजीलैंड से टी20 सीरीज सीरीज खेलनी है। टी20 वर्ल्ड कप सात फरवरी से आठ मार्च तक होगा, जिसके भारत और श्रीलंका संयुक्त मेजबान हैं।






