Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs SA Injured Shubman Gill Reached Guwahati this player Can get a chance if the captain is not fit
IND vs SA: चोटिल शुभमन गिल गुवाहाटी पहुंचे, अगर कप्तान फिट नहीं हुए तो इस खिलाड़ी को मिलेगा चांस?

IND vs SA: चोटिल शुभमन गिल गुवाहाटी पहुंचे, अगर कप्तान फिट नहीं हुए तो इस खिलाड़ी को मिलेगा चांस?

संक्षेप:

चोटिल शुभमन गिल गुवाहाटी पहुंच गए हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार (22 नवंबर) से गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।

Nov 19, 2025 06:51 pm ISTMd.Akram गुवाहाटी, भाषा
share Share
Follow Us on

भारतीय कप्तान शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम के बाकी सदस्यों के साथ बुधवार को गुवाहाटी पहुंच गए, लेकिन उनकी गर्दन की चोट शनिवार को यहां शुरू होने वाले मैच से पहले पूरी तरह ठीक होने की संभावना नहीं है। पूरी संभावना है कि गिल गुरुवार और शुक्रवार को होने वाले अभ्यास सत्रों के दौरान खुद को फिट साबित करने की पूरी कोशिश करेंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कप्तान की गर्दन में दर्द बना हुआ

भारतीय टीम के सूत्रों की मानें तो 26 वर्षीय गिल अभी शत प्रतिशत फिट नहीं हैं। उनकी गर्दन में दर्द अभी भी बना हुआ है, हालांकि यह पहले की तुलना में काफी कम है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने दिन में कहा था कि गिल टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, ‘‘शुभमन पर उपचार का अच्छा असर हो रहा है और वह 19 नवंबर 2025 को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी और दूसरे टेस्ट में उनकी भागीदारी पर फैसला उनकी प्रगति को देखकर लिया जाएगा।’’

ये भी पढ़ें:रैंकिंग: चोटिल होने के बावजूद गिल ने लगाई छलांग, बावुमा ने पहली बार किया ऐसा

BCCI ने संशय बरकरार रखा

इस तरह से बीसीसीआई के सचिव ने भी गिल के दूसरे टेस्ट में खेलने को लेकर संशय बरकरार रखा। कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन 26 वर्षीय गिल की गर्दन में अकड़न आ गई थी। वह पहली पारी में चार रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे और इसके बाद मैच में आगे नहीं खेल पाए थे। गिल को इस चोट के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। गिल की अनुपस्थिति में भारतीय टीम यह मैच 30 रन से हार गई थी। गिल को चिकित्सकीय रूप में फिट घोषित किया जा सकता है लेकिन पांच दिन की क्रिकेट की चुनौती अलग तरह की होती है जिसके कारण समस्या बढ़ सकती है और उन्हें लंबे समय तक बाहर रहना पड़ सकता है। पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों की स्पिनरों को खेलने की कमजोरी का खुलासा हो गया।

ये भी पढ़ें:क्या गुवाहाटी में भी होगी ऐसी ही पिच? गंभीर बोले- हमने हमेशा कहा कि टर्निंग…

इन खिलाड़ियों पर भरोसा नही

कोलकाता टेस्ट के बाद ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर एक बड़ा खतरा बन गए हैं, ऐसे में स्पिन का सामना करने में सक्षम दाएं हाथ के बल्लेबाज की टीम को सख्त जरूरत है। मौजूदा कोचिंग स्टाफ और चयन समिति को सरफराज खान, करुण नायर या अभिमन्यु ईश्वरन जैसे खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा नहीं है, जबकि ये तीनों स्पिन को अच्छी तरह से खेलते हैं। उनका सीधा तर्क यह है कि भले ही साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल दोनों बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं, लेकिन किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने पर युवा खिलाड़ियों की दबाव झेलने की क्षमता पर विश्वास की कमी का संकेत मिलेगा। सुदर्शन का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है और कुछ लोगों का मानना ​​है कि ध्रुव जुरेल अपनी बेहतर तकनीक के साथ तीसरे नंबर पर बेहतर विकल्प हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें:IND vs SA: जुरेल और सुदर्शन एक पैड पहनकर खेले, आखिर क्या है इसका मतलब?

रेड्डी को मिल सकता है चांस

भारतीय टीम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ही गिल बल्लेबाजी के लिए पर्याप्त रूप से फिट होना चाहते हैं, क्योंकि आधा फिट कप्तान भी सुदर्शन, ईश्वरन या सरफराज से अधिक प्रभावी माना जाता है। इसके अलावा गिल का टेस्ट कप्तान के रूप में यह शुरुआती दौर है और वह किसी मैच से बाहर नहीं बैठना चाहेंगे। गिल के चोटिल होने के कारण ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को राजकोट में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ चल रही भारत ए की सीरीज से वापस बुला दिया गया है। वह सोमवार की शाम को कोलकाता में टीम से जुड़ गए थे लेकिन उन्होंने मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया था। अगर गिल फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |