भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में किया धमाकेदार आगाज, 74 पर अफ्रीका ढेर; 101 रनों से जीता मैच

भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में किया धमाकेदार आगाज, 74 पर अफ्रीका ढेर; 101 रनों से जीता मैच

संक्षेप:

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहले टी20 मैच में 101 रनों से करारी शिकस्त दी। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका की टीम 12.3 ओर में 74 रन ही बना सकी। पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।

Dec 09, 2025 10:34 pm ISTHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

भारत ने मंगलवार को पहले टी20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका को 101 रन के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर छह विकेट पर 175 रन बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को 12.3 ओवर में 74 रन पर समेट दिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह दक्षिण अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाये। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अर्शदीप ने की दमदार शुरुआत

लक्ष्य का बचाव करते हुए अर्शदीप सिंह ने पारी की दूसरी गेंद पर ही क्विंटन डिकॉक को खाता खोले बगैर पवेलियन की राह दिखाने के बाद अपने अगले ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स (14) को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। कप्तान एडेन मारक्रम ने चौथे ओवर में बुमराह के खिलाफ चौका और फिर छक्का लगाया लेकिन अक्षर ने छठे ओवर की पहली गेंद पर ही उन्हें बोल्ड कर दिया।

चक्रवर्ती के खिलाफ लांग ऑन पर शानदार छक्का लगाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस ने अक्षर पर चौके के साथ पावर प्ले में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 45 रन पहुंचा दिया। हार्दिक पांड्या ने गेंद थामते ही लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे अनुभवी मिलर को पवेलियन भेजा। जितेश ने विकेट के पीछे उनका शानदार कैच लपका।

read moreये भी पढ़ें:
जसप्रीत बुमराह का स्पेशल 'शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के पांचवें बॉलर बने

बुमराह का 'शतक'

टीम का स्कोर अभी 50 रन तक ही पहुंचा था कि चक्रवर्ती ने फरेरा (सात गेंद में पांच रन) को चकमा देकर पवेलियन की राह दिखा दी। मार्को यानसेन ने पंड्या और चक्रवर्ती पर बड़े छक्के लगाकर आक्रामक तेवर दिखाये। वह खतरनाक होते उससे पहले चक्रवर्ती ने उन्हें बोल्ड कर मैच पर भारत का दबदबा बना दिया।

बुमराह ने अगले ओवर में ब्रेविस को आउट कर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपने विकेटों का सैंकड़ा पूरा किया। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने में ज्यादा समय जयां नहीं किया।

गिल-सूर्यकुमार सस्ते में लौटे

इससे पहले एनगिडी ने अपने शुरुआती दो ओवरों में चोट से वापसी कर रहे शुभमन गिल (चार) और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) को आउट कर दो बड़े झटके दिये। शानदार लय में चल रहे यानसेन के खिलाफ अभिषेक ने छक्का जड़ हाथ खोला लेकिन शुरुआती ओवरों में वह संघर्ष करते दिखे। तिलक वर्मा ने छठे ओवर में यानसेन के खिलाफ दो चौके लगाये जिससे टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 40 रन बनाये।

अभिषेक ने सिपामला के खिलाफ दो चौके लगाये लेकिन ओवर की तीसरी गेंद पर फाइन लेग बाउंड्री के पास यानसेन ने शानदार कैच लपक कर उनकी पारी को खत्म किया। तिलक वर्मा और अक्षर ने इसके बाद संभल कर बल्लेबाजी करते हुए अगले कुछ ओवरों में दौड़कर रन चुराने पर ध्यान दिया। इस दौरान तिलक ने एनरिक नोर्किया के खिलाफ डीप स्क्वायर लेग की दिशा में शानदार छक्का जड़ा।

हार्दिक ने खेली ताबड़तोड़ पारी

भारतीय खिलाड़ी हालांकि रन गति को तेज करने के लिए संघर्ष करते दिखे। इस बीच एनगिडी ने 12वें ओवर में तिलक वर्मा को आउट कर मैच की अपनी तीसरी सफलता हासिल की। पांड्या ने क्रीज पर आते ही केशव महाराज के खिलाफ दो बड़े छक्के जड़ रन गति को तेज किया तो वहीं दूसरे छोर से अक्षर ने सिपामला की गेंद को दर्शकों के पास भेजकर भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। वह हालांकि अगली गेंद पर प्वाइंट क्षेत्र में फरेरा को कैच दे बैठे।

पांड्या पर इसका खास असर नहीं पड़ा और उन्होंने नोर्किया पर करारे प्रहार कर दो चौके लगाये। दूसरे छोर से दुबे (11) ने एनगिडी के खिलाफ दो चौके लगाकर उनका अच्छा साथ दिया। वह हालांकि 18वें ओवर में फरेरा की पहली गेंद पर बोल्ड हो गये। भारत ने 19वें ओवर में 18 रन बटोरे जिसमें पंडया ने सिपामला के खिलाफ छक्का और चौका जबकि जितेश (नाबाद 10) ने छक्का लगाया। पांड्या ने आखिरी ओवर में नोर्किया के खिलाफ छक्के के साथ इस प्रारूप में अपना छठा अपना अर्धशतक पूरा किया।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |