
कल होगा शुभमन गिल का फिटनेस टेस्ट, बैटिंग कोच ने गर्दन की चोट को लेकर दिया अपडेट
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में ऐंठन के शिकार हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल का फिटनेस टेस्ट शुक्रवार को होगा ताकि दूसरे टेस्ट के लिये उनकी उपलब्धता का पता चल सके।
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को पहले टेस्ट मैच के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, जिसके कारण वह कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतर सके थे। दूसरे टेस्ट मैच में चोट के कारण उनके चयन को लेकर संशय बरकरार है। हालांकि इस बीच शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम के बाकी सदस्यों के साथ बुधवार को गुवाहाटी पहुंच गए हैं। गिल के उपलब्धता को लेकर भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने गुरुवार को कहा कि गुवाहाटी टेस्ट में खेलने पर आखिरी फैसला मैच से एक दिन पहले ही लिया जाएगा।

बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि टीम सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को लेकर सावधान रहेगी क्योंकि वे नहीं चाहते कि गर्दन में ऐंठन दोबारा हो। पूरी संभावना है कि गिल गुरुवार और शुक्रवार को होने वाले अभ्यास सत्रों के दौरान खुद को फिट साबित करने की पूरी कोशिश करेंगे। कोटक ने गुरुवार को पुष्टि की कि गिल अपनी गर्दन की ऐंठन से 'निश्चित रूप से अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं'। हालांकि उन्होंने कहा कि गिल के खेलने पर अंतिम फैसला मैच की पूर्व संध्या (शुक्रवार) को लिया जाएगा। यह फैसला फिजियो और डॉक्टरों द्वारा लिया जाएगा।
बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, "वह (शुभमन गिल) निश्चित रूप से अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। मैं उनसे कल मिला था। अब फैसला कल शाम को लिया जायेगा क्योंकि फिजियो और डॉक्टर देखेंगे कि पूरी तरह से फिट होने के बाद भी क्या मैच के दौरान फिर ऐंठन होने की आशंका है । अगर ऐसी आशंका होगी तो उसे एक मैच के लिये और आराम दिया जायेगा। शुभमन जैसा खिलाड़ी और वह कप्तान भी है तो टीम को उसकी कमी खलेगी।’’
गिल गर्दन की चोट के कारण कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे, जिसके कारण भारत को 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था। कोटक ने माना कि गिल की अनुपस्थिति से टीम को नुकसान हुआ था। समझा जाता है कि गिल को पूरी तरह से उबरने में दस दिन लगेंगे। अगर वह टेस्ट मैच खेलता है तो उसे 30 नवंबर से रांची में शुरू हो रही तीन वनडे मैचों की सीरीज से आराम दिया जा सकता है।






