Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs SA if we are not winning series at least draw the match Ravindra Jadeja's Big statement regarding Guwahati Test
सीरीज नहीं जीत रहे तो ये काम ही कर लें...गुवाहाटी टेस्ट को लेकर रवींद्र जडेजा का बेबाक बयान

सीरीज नहीं जीत रहे तो ये काम ही कर लें...गुवाहाटी टेस्ट को लेकर रवींद्र जडेजा का बेबाक बयान

संक्षेप:

गुवाहाटी टेस्ट को लेकर रवींद्र जडेजा ने बेबाक बयान दिया है। दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को 549 रनों का मुश्किल टारगेट दिया है। भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज गंवाना लगभग तय है।

Nov 25, 2025 09:30 pm ISTMd.Akram गुवाहाटी, भाषा
share Share
Follow Us on

अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में संभावित हार का अगले साल अगस्त में श्रीलंका में होने वाली टेस्ट सीरीज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट में ड्रॉ कराना युवा टीम के लिए ‘जीत’ जैसा होगा। भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज गंवाना लगभग तय है क्योंकि आखिरी दिन 549 रन का लक्ष्य हासिल करना नामुमकिन होगा। मंगलवार को चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद जडेजा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि इसका अगली सीरीज पर कोई असर पड़ेगा। लेकिन एक क्रिकेटर के तौर पर कोई भी सीरीज हारना नहीं चाहता, विशेषकर भारत में। इसलिए उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे। हम कल अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।’’

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

'अगर हम सीरीज नहीं जीत रहे हैं तो…'

उन्होंने कहा, ‘‘हम टेस्ट मैच बचाने की कोशिश करेंगे। अगर हम सीरीज नहीं भी जीत रहे हैं तो भी हम मैच ड्रॉ कर सकें जो हमारे लिए जीत की तरह की स्थिति होगी।’’ अगले कुछ हफ्तों में 37 बरस के होने वाले जडेजा का मानना ​​है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवाना भारतीय टीम में शामिल युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने के लिहाज से बहुमूल्य होगा। मेजबान टीम में यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे कई युवा खिलाड़ी हैं जो अपने टेस्ट करियर के शुरुआती चरण में हैं। जडेजा ने कहा, ‘‘देखिए टीम में जो युवा खिलाड़ी हैं, मुझे लगता है कि वे सीखने के चरण में हैं। उनका करियर शुरू हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप चाहे कोई भी प्रारूप खेलें, यह आसान नहीं है। आप चाहे कोई भी प्रारूप खेलें, यह हमेशा थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है।’’ जडेजा ने बताया कि जब भी कोई टीम अपने घर में हारती है तो जीतने के मुकाबले युवाओं का कम अनुभव अधिक सुर्खियां बटोरता है।

ये भी पढ़ें:टीम अच्छा नहीं करे तो कोच को बर्खास्त…गंभीर को लेकर रैना का दनदनाता बयान

‘तो लोग सोचते हैं कि यह बड़ी बात नहीं’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जब ऐसी स्थिति होती है और आप टीम में तीन-चार युवा खिलाड़ियों को खिलाते हैं तो ऐसा लगता है कि पूरी टीम युवा और कम अनुभव वाली है। और इसे सुर्खियां बनाया जाता है।’’ जडेजा ने कहा, ‘‘लेकिन जब भारत स्वदेश में जीतता है तो लोग सोचते हैं कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन अगर आप भारत में कोई सीरीज हार जाते हैं तो यह बहुत बड़ी बात बन जाती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक युवा के लिए यह सीखने का दौर है। अगर वे इस स्थिति को अच्छी तरह से संभालते हैं तो वे खिलाड़ी के तौर पर परिपक्व होंगे और भारत का भविष्य बेहतर होगा।’’ कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि क्रिकेट परिस्थितियों पर आधारित खेल है और जब भातर ने पहली पारी में बल्लेबाजी की तो हालात अनुकूल नहीं थे। जडेजा ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो एक गेंदबाज के तौर पर जब हम शुरुआती दो दिन गेंदबाजी कर रहे थे तो विकेट पर कोई निशान नहीं थे। विकेट शीशे की तरह चमक रहा था।’’

ये भी पढ़ें:गुवाहाटी टेस्ट: अगर नीतीश ऑलराउंडर है तो मैं...पूर्व कप्तान ने बोला तीखा हमला

‘चेज गेंदबाजों की वजह से स्पिनरों को मौका’

उन्होंने कहा, ‘‘और जब वे गेंदबाजी करने आए तो तेज गेंदबाजों के विकेट लेने की वजह से स्पिनरों को अधिक मौका मिला और उनकी गेंद टर्न कर रही थी और उछाल ले रही थी।’’ जडेजा ने कहा कि भारत के पहली पारी में 288 रन से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी के परिस्थितियों की चिंता किए बगैर बल्लेबाजी की। जडेजा इस बात से सहमत थे कि दोनों गेम में टॉस गंवाने की भूमिका रही। उन्होंने कहा, ‘‘टॉस जीतना या हारना खेल का हिस्सा है लेकिन खेल पर इसका असर पड़ता है। जब आप पहली बार गेंदबाजी कर रहे होते हैं, जब विकेट पर कुछ नहीं हो रहा होता तो आपको लगेगा कि स्पिनर्स सामान्य और साधारण हैं।’’ जडेजा ने कहा, ‘‘लेकिन जब आप 300 रन आगे हों और गेंदबाजी कर रहे हों तो आप देखेंगे कि हर गेंदबाज बड़ा लगेगा।’’ जडेजा चाहते हैं कि बल्लेबाज बीते चार दिनों को भूल जाएं और सिर्फ आखिरी दिन के खेल पर ध्यान दें।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |