
IND vs SA: मैं अपने कमरे में बहुत...अर्शदीप सिंह ने खुद बताया यूट्यूब चैनल शुरू करने का राज
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने का राज बताया है। अर्शदीप इन दिनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में खेल रहे हैं।
भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मैदान पर अपने प्रदर्शन के अलावा सोशल मीडिया पर दिलचस्प वीडियो बनाने की वजह से चर्चा में रहते हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने का राज बताया है। 26 वर्षीय अर्शदीप को यह आइडिया तब आया जब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। वह इन दिनों इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज में खेल रहे हैं। अर्शदीप टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक 107 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
'मैं कमरे में बहुत बोर हो रहा था'
अर्शदीप ने जियोस्टार पर कहा, “जब मुझे पता चला कि मैं चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में नहीं खेलूंगा तो मैं अपने कमरे में बहुत बोर हो रहा था। तभी मैंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया। यह मेरे लिए एक तरह से वरदान साबित हुआ। मैं हमेशा कुछ पॉजिटिव खोजने की कोशिश करता हूं। कभी-कभी आपको बस शुक्रगुजार होना चाहिए कि आप इस लेवल पर खेल रहे हैं। आपको अपने मौकों का इंतजार भी करना होगा और जब आपको मौका मिले तो सुनिश्च करें कि आप उसका पूरा फायदा उठाएं।”
अर्शदीप-कोहली की रील वायरल
अर्शदीप ने हाल ही में विराट कोहली के साथ एक मजेदार रील बनाई, जिसे इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले। पिछले हफ्ते विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे में कोहली ने 45 गेंदों में नाबाद 45 रनों की पारी खेली। शुरुआती दो वनडे में शतक लगाने वाले कोहली सेंचुरी की हैट्रिक नहीं बना पाए क्योंकि भारत ने 9 विकटे से मैच जीत लिया।
'रन कम रह गए, सेंचुरी क्की थी'
मैच के बाद अर्शदीप ने कोहली से कहा, "पाजी, रन कम रह गए, सेंचुरी आज पक्की थी वैसे।" वहीं, कोहली ने मजाकिया अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा, "टॉस जीत गए, नहीं तो तेरी भी ओस में पक्की थी।" बता दें कि भारत ने रांची और रायपुर में खेले गए वनडे में बाद में बॉलिंग की थी। ज्यादा ओस की वजह से मेजबान टीम के बॉलर्स को मुश्किल हुई और काफी रन लुटाए। हालांकि, भारत ने आखिरी वनडे में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। इससे पहले, भारत ने वनडे में लगातार 20 टॉस गंवाए थे।






