
सिर्फ 6 साल में इतना बदल गई टीम इंडिया, पिछली बार ईडन गार्डन्स में उतरे 10 खिलाड़ी हो गए बाहर
पिछली बार जब कोलकाता में टेस्ट क्रिकेट खेला गया था, उस टीम के लगभग सभी चेहरे अब भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा नहीं हैं। रविंद्र जडेजा एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो दोनों टीमों का हिस्सा रहे हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। ईडन गार्डन्स में होने वाले इस मुकाबले के लिए फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। हालांकि कोलकाता के फैंस को लंबे समय बाद ईडन गार्डन्स में टेस्ट मैच देखने को मिलेगा। कोलकाता में 1948 के बाद से अब तक के दो टेस्ट मैचों के बीच का सबसे लंबा अंतराल खत्म होने जा रहा है। भारत ने पिछली बार 2019 में इस मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ खेला था, जिसके बाद से भारतीय टेस्ट टीम इतनी बदल गई है कि उस मैच की प्लेइंग इलेवन से सिर्फ एक खिलाड़ी मौजूदा टीम में शामिल है, कुछ खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं, जबकि कई अब टीम का हिस्सा नहीं हैं।

भारतीय टीम ने ईडन गार्डन्स में 2019 में टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद से भारतीय टीम ने 18 सीरीज खेली है लेकिन कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान पर अब भारतीय टीम खेलने के लिए पहुंची है। पिछला कोलकाता टेस्ट खेले जाने और अब इस टेस्ट मैच के शुरू होने के बीच टीम इंडिया की पूरी तस्वीर बदल चुकी है। ईडन गार्डन्स में पिछली बार प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे पांच दिग्गज खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं, जबकि पांच अनुभवी खिलाड़ी टीम से ड्रॉप हो चुके हैं।
यह अंतराल भारतीय क्रिकेट के एक युग के अंत और एक नए युग के उदय का प्रतीक है। पिछली बार टीम का हिस्सा रहे कई दिग्गज खिलाड़ी उस समय भारतीय क्रिकेट की रीढ़ थे लेकिन 6 साल बाद वह इस फॉर्मेट से काफी दूर हो गए हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, ऋद्धिमान साहा और अश्विन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। जबकि मयंक अग्रवाल, अजिंक्य रहाणे, उमेश यादव, इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। दोनों टीमों में अपनी जगह बनाए रखने में सिर्फ एक खिलाड़ी कामयाब रहा है और वह हैं स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
भारत टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, देवदत्त पडिक्कल, आकाश दीप




