
T20 WC: टीम इंडिया के 240 के पहाड़ ने निकाला साउथ अफ्रीका का कचूमर, ईशान किशन ने काटा गदर
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्मअप मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 रनों से जीत दर्ज की। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।
टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच बुधवार को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दसवां वार्मअप मैच खेला गया। डिफेंडिंग चैंपयन भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से शिकस्त दी। ईशान किशन की अगुआई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने नवी मुंबई में आयोजित अभ्यास मैच में छह पर 240 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में साउथ अफ्रीका का कचूमर निकल गया। साउथ अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 210 रन बटोरे। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। जॉर्ज लिंडे पहले ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद, कप्तान एडेन मार्करम (19 गेंदों में 38, दो चौके,चार सिक्स) ने मोर्चा संभाला।
रिटायर्ड आउट हुए कप्तान मार्करम
मार्करम ने विकेटकीपर रयान रिकेल्टन (21 गेंदों में 44, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। कप्तान छठे ओवर में रिटायर्ड आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस (2) और डेविड मिलर (13) का बल्ला नहीं चला। जेसन स्मिथ ने 23 गेंदो में 25 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके और एक छक्का है। ट्रिस्टन स्टब्स (21 गेंदों में 45, एक चौका, चास छक्के) ने आतिशी बल्लेबाजी। उन्होंने मार्को यानसेन (16 गेंदों में 31, तीन चौके, दो सिक्स) के संग सातवें विकेट के लिए 46 रनों की पार्टनरशिप की। कॉर्बिन बॉश 2 रन बनाकर लौटे। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने दो, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक शिकार किया।
ईशान किशन ने तूफानी बैटिंग की
इससे पहले, भारत के लिए ईशान किशन ने 20 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों के साथ 53 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलने के अलावा अभिषेक शर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में तीन छक्कों और इतने ही चौकों से 45 रन बनाए। अक्षर पटेल (नाबाद 35), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) और हार्दिक पांड्या (30) ने भी उपयोगी पारियां खेली। उम्मीद है कि ईशान सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में अभिषेक के साथ पारी का आगाज करेंगे।
भारत ने टॉस जीत बल्लेबाजी चुनी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद ईशान और अभिषेक ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। ईशान ने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर में दो छक्के मारे जबकि कागिसो रबादा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। अभिषेक ने कोर्बिन बॉश पर लगातार तीन चौके मारे। इशान ने पांचवें ओवर में एनरिच नोर्किया की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके से 29 रन जोड़े। ईशान ने क्वेना मफाका पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रिटायर्ड आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और दो चौके लगाए।
भारत ने पावरप्ले में 83 रन जुटाए
भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए। अभिषेक भी 24 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक शानदार लय में दिखे। उन्होंने स्पिनर जॉर्ज लिंडे पर छक्के और चौके से शुरुआत की और फिर नोर्किया पर भी लगातार दो चौके मारे। भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बनाए। यानसेन ने तिलक को बोल्ड किया। उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और तीन चौके मारे। सूर्यकुमार भी 16 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 30 रन बनाने के बाद मफाका की गेंद पर लिंडे को कैच दे बैठे। उपकप्तान अक्षर पटेल ने भी 23 गेंद की अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए जबकि पांड्या ने कोर्बिन बॉश का शिकार बनने से पहले 10 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे। बॉश की गेंद रिंकू सिंह के हेलमेट में लगी। उन्होंने 16 रन बनाए। (एजेंसी इनपुट के साथ)

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





