
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: हेड टु हेड में IND का पलड़ा भारी, क्या लगातार हार का क्रम तोड़ पाएगा SA?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 31 टी20 मैच हुए हैं। इनमें से 19 में भारत को और 12 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। दोनों टीमों के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो टीम इंडिया को पिछले 5 मैचों में सिर्फ 1 हार मिली है और वो ऑस्ट्रेलिया के हाथ। अफ्रीका को पिछले 5 मैच में सिर्फ एक जीत मिली है।
न्यू चंडीगढ़ में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुरुवार को दूसरा टी20 मैच खेला जाना है। कटक में खेले गए पहले मैच में शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने 5 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। उसकी कोशिश उस बढ़त और और मजबूत करने की होगी। दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका की कोशिश पिछली हार को भूलकर वापसी करने की होगी।
हेड टु हेड
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 में हेड टु हेड की बात करें यानी एक दूसरे के खिलाफ आमना-सामना की बात करें पलड़ा भारतीय टीम का भारी है। दोनों टीमें टी20 में इससे पहले अब तक 31 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 19 मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, वहीं 12 मैच में दक्षिण अफ्रीका को विजय मिली है।
दोनों टीमों का अपने-अपने पिछले 5 मैचों में प्रदर्शन
इस मामले में भी भारतीय टीम काफी मजबूत है। टीम इंडिया ने अपने पिछले 5 टी20 मैच में 3 में जीत हासिल की है। एक मैच बेनतीजा हुआ था। और एक में हार मिली थी। ये हार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली थी और उसी दौरे पर ब्रिसबेन में खेला जाने वाला टी20 बारिश की वजह से रद्द हुआ था। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज को 2-1 से जीता था। सीरीज के 2 मैच बारिश की भेंट चढ़े थे।
दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीकी टीम को अपने पिछले 5 मैच में से 4 में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान उसे इकलौती जीत पाकिस्तान के खिलाफ मिली थी। 28 अक्टूबर 2025 को उसने रावलपिंडी में पाकिस्तान को 55 रन से हराया था।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, संजू सैमसन।
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, केशव महाराज, लूथो सिपाम्ला, एनरिक नोर्किया, लुंगी एनगिडी, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका, रीजा हेंड्रिक्स, कॉर्बिन बॉश, ओटनील बार्टमैन।
समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।






