
क्या दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे हार्दिक, बुमराह भी रह सकते हैं बाहर; आखिर क्या है वजह?
India Vs South Africa: भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं। तीन मैचों की सीरीज 30 नवंबर से रांची में शुरू होगी।
अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए जांघ की चोट से उबर रहे ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के 30 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे इंटरनेशनल सीरीज में खेलने की संभावना नहीं है। उम्मीद है कि वह फिलहाल केवल सबसे छोटे प्रारूप (टी20) पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे।

मुख्य तेज गेंदबाजों के काम के बोझ के प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी तीन मैच की वनडे सीरीज से आराम दिए जाने की संभावना है क्योंकि इसका टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में कोई खास महत्व नहीं है। हार्दिक को सितंबर में दुबई में एशिया कप टी20 के दौरान जांघ में चोट लगी थी और वह पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी नहीं खेल पाए थे।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम नहीं छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘हार्दिक इस समय अपनी जांघ की चोट से उबर रहे हैं। वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी आरटीपी (खेल में वापसी) ट्रेनिंग कर रहे हैं। फिलहाल जांघ की चोट से वापसी के बाद उन्हें धीरे-धीरे अपना कार्यभार बढ़ाने की जरूरत है और सीधे 50 ओवर के मैच खेलना जोखिम भरा होगा। टी20 विश्व कप तक बीसीसीआई की मेडिकल टीम और हार्दिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।’’
माना जा रहा है कि हार्दिक पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए अपनी मैच फिटनेस साबित करेंगे और उसके बाद मुंबई इंडियंस का यह कप्तान दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी तीन वनडे मैच होने हैं लेकिन टी20 वर्ल्ड कप तक 50 ओवर के क्रिकेट का महत्व सीमित है। अगले आईपीएल के बाद सीनियर खिलाड़ियों का ध्यान 2027 के वनडे वर्ल्ड कप चक्र पर केंद्रित होगा।






