Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़ind vs sa gautam Gambhir Touts Yashasvi Jaiswal Future Cites Rohit sharma virat Kohli Experience as Benchmark
यशस्वी को मिला गंभीर का सपोर्ट, कहा- अगर वनडे शैली से तालमेल बैठा लेंगे तो अपार संभावनाएं होंगी

यशस्वी को मिला गंभीर का सपोर्ट, कहा- अगर वनडे शैली से तालमेल बैठा लेंगे तो अपार संभावनाएं होंगी

संक्षेप:

भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि अगर यशस्वी जायसवाल को यह पता लग गया कि एकदिवसीय क्रिकेट में किस शैली से बल्लेबाजी करनी है तब फिर उनके पास अनंत संभावनाएं होंगी।

Dec 07, 2025 05:59 pm ISTHimanshu Singh Varta
share Share
Follow Us on

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने तीसरे वनडे में यशस्वी जायसवाल की शतकीय पारी के बाद कहा कि जिस समय उन्हें यह पता लग गया कि वनडे प्रारुप में किस शैली से बल्लेबाजी करनी है तब फिर उनके पास अनंत संभावनाएं होगी। जायसवाल भारतीय टेस्ट दल का नियमित हिस्सा हैं लेकिन उन्होंने अब तक केवल चार एकदिवसीय मैच ही खेले हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीजी में उन्हें अवसर नियमित सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण मिला।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दक्षिण अफ्रीका पर भारत की नौ विकेट से जीत के बाद गंभीर ने कहा, "वनडे क्रिकेट में जरूरी चीज यह है कि आपको पता होना चाहिए कि आप किस शैली में क्रिकेट खेलना चाहते हैं। जब आप लाल गेंद क्रिकेट खेलकर एकदिवसीय क्रिकेट खेलने आते हैं तो आपको लगता है कि यहां आपको आक्रामक शैली में खेलना है लेकिन आपको वनडे क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं है। आप इसे 30 और 20 ओवर में भी विभाजित कर सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "अगर आप 30 ओवर एकदिवसीय क्रिकेट की तरह खेलते हैं तो जो क्षमता जायसवाल के पास है वह तब तक शतक के पास होंगे। इसके बाद भी आपके पास 20 ओवर बचे होंगे और आप इस चरण में टी-20 क्रिकेट की तरह खेल सकते हैं। केवल शैली का अनुसरण जरूरी है। यह जायसवाल का चौथा मैच था। जिस समय उन्हें यह पता लग गया कि एकदिवसीय क्रिकेट में किस शैली से बल्लेबाजी करनी है तब फिर उनके पास अनंत संभावनाएं होंगी।"

जायसवाल ने पूरी पारी में बल्लेबाजी की, पहले उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 155 रन जोड़े और फिर विराट कोहली के साथ 116 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए अंत तक डटे रहे। इस सीरीज में इससे पहले ऋतुराज गायकवाड़ ने भी शतक जड़ा, जो कि स्वयं भी वनडे दल का नियमित हिस्सा नहीं हैं और उन्होंने ऐसे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा जिस स्थान पर वह अमूमन बल्लेबाजी नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा, "ऋतु ने अपने नियमित स्थान से दूसरे क्रम पर बल्लेबाजी की। हम सभी जानते हैं कि वह बेहरतीन बल्लेबाज़ हैं। जिस तरह वह इंडिया ए के लिए प्रदर्शन कर रहे थे उसे देखते हुए हम उन्हें इस सीरीज में अवसर देना चाहते थे और उन्होंने मौके को अच्छी तरह से भुनाया। हमने 40 पर दो विकेट गंवा दिए थे और उस स्थिति में बल्लेबाजी करने आने के बाद शतक लगाना वाकई प्रशंसनीय था।"

उन्होंने कहा, “देखिए, हमें जब भी अवसर मिलता है हम नए खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने की कोशिश करते हैं। क्योंकि हम आगामी विश्व कप के लिए 20-25 खिलाड़ियों का एक ग्रुप चाहते हैं। लेकिन जब आपके कप्तान और उपकप्तान (वनडे में अय्यर) वापस आ जाते हैं तो आपको उन्हीं से शुरुआत करनी होगी। लेकिन जिस तरह का उन्होंने (जायसवाल और गायकवाड़) प्रदर्शन किया है, जब संभव होगा हम उन्हें मौका जरूर देंगे। यह उन कारणों में से एक है कि हम क्यों हर्षित जैसे खिलाड़ियों को विकसीत करना चाहते हैं जो कि आठवें नंबर पर बल्लेबाज़ी कर टीम के लिए योगदान दे सके। आप इसी तरह टीम में संतुलन खोज सकते हैं क्योंकि दो वर्ष बाद हमें दक्षिण अफ्रीका में खेलना है जहां तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों की आवश्यकता होगी।”

ये भी पढ़ें:सिंहाचलम मंदिर में दिखे इंडिया के सितारे कोहली-सुंदर, मंदिर में की पूजा-अर्चना

उन्होंने कहा, "और अगर वह एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में विकसीत होना जारी रखते हैं तो इससे हमें काफी मदद मिलेगी। जसप्रीत बुमराह वापस आएंगे और इस सीरीज में हमने हर्षित, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा की ओर से जैसा प्रदर्शन देखा वो वाकई लाजवाब है। विशेषकर एकदिवसीय में इन तीनों को पास खेलने का अधिक अनुभव नहीं है लेकिन इसके बावजूद इन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऐसे में हमें अगर हर्षित जैसा विकल्प मिलता है जो नंबर आठ पर बल्लेबाजी कर सके तो ऐसी स्थिति में हमारे पास टीम का अच्छा संतुलन होगा। देखते हैं, आगे क्या होता है। अभी बहुत समय है।"

उन्होंने कहा, "कभी-कभी आपको टीम का संतुलन भी देखना होता है और वॉशिंगटन सुंदर ने चाहे किसी नंबर पर बल्लेबाजी की उनका प्रदर्शन शानदार रहा। वह हमेशा टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमने उन्हें मैनचेस्टर में नंबर पांच पर बल्लेबाज़ी के लिए कहा और उन्होंने शतक लगाया। फिर अगले टेस्ट में उन्हें नंबर आठ पर बल्लेबाज़ी के लिए कहा और उन्होंने अर्धशतक लगाया। ईडन गार्डेन्स में उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी की और गुवाहाटी में एक बार फिर उन्होंने नंबर आठ पर बल्लेबाजी की। तो मुझे लगता है कि हमें ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो टीम के लिए हमेशा अपना सबकुछ देने के लिए तैयार रहते हों। मुझे विश्वास है कि वह ऐसा करते रहेंगे और हमें उन्हें विकसीत करना जारी रखना होगा क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट का सुनहरा भविष्य हैं।"

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |