
भारतीय कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह हो गए हैं फिट, अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में करेंगे वापसी
टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर गए हैं। वह आगामी भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। गिल कोलकाता टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते समय गर्दन में अकड़न (Neck Strain) महसूस हुई थी, जिसके बाद वह वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए थे।
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर गए हैं और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उप कप्तान के रूप में टीम में वापसी करेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण वह गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट और मौजूदा वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान अभी बेंगलुरु में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं, माना जाता है कि उन्होंने अपनी फिटनेस प्रोग्रेस से सीओई मैनेजरों को प्रभावित किया है और संभावना है कि उन्हें जल्द ही पूरी तरह से ठीक कर दिया जाएगा।

बीसीसीआई सूत्र ने कहा, ‘‘गिल पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और उप कप्तान के रूप में वापसी करेंगे।’’ भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज नौ दिसंबर से कटक में शुरू होगी। इसके लिए टीम की घोषणा दिन में बाद में की जाएगी। सूर्यकुमार यादव भारत के नियमित टी20 कप्तान हैं।
सूत्र ने इन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि बोर्ड के अधिकारी सीनियर खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा तथा मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा करने के लिए बैठक करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सीरीज के बीच में कोई बैठक नहीं होगी। हम सीरीज समाप्त होने के बाद देखेंगे कि क्या करना है।’’ भारत टेस्ट सीरीज 0-2 से हार गया था।
पांच मैचों की सीरीज के लिए टीम की घोषणा अभी बाकी है। गिल गर्दन की चोट से उबर गए हैं और उनके टीम में शामिल होने की उम्मीद है। वह किस मैच से वापसी करेंगे ये नहीं कंफर्म है लेकिन सीरीज में उनके खेलने की संभावना बहुत ज्यादा है, खासकर इसलिए क्योंकि टीम के वाइस-कैप्टन अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं।






