
सचिन तेंदुलकर की तरह यशस्वी जायसवाल करें ये त्याग, क्या डेल स्टेन की सलाह मानेगा भारतीय ओपनर?
डेल स्टेन ने भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को सचिन तेंदुलकर की तरह एक त्याग करने की सलाह दी है। यशस्वी एक बार फिर से कट शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने यशस्वी जायसवाल को अपने शानदार कट शॉट को कुछ समय के लिए उसी तरह से छोड़ने की सलाह दी जैसे कि सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया में ड्राइव शॉट का त्याग किया था। जायसवाल मंगलवार को दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत की दूसरी पारी में एक बार फिर से कट शॉट खेलने की कोशिश में मार्को यानसेन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर काइल वेरेन के दस्तानों में चली गयी।

स्टेन ने ‘जियोस्टार’ के कार्यक्रम ‘क्रिकेट लाइव’ में कहा, ‘‘यह उनका पसंदीदा शॉट है और इस तरह के शॉट से परहेज करना मुश्किल है। जब आप गेंद को अपने क्षेत्र में देखते हैं, तो आप उसे खेलने के लिए जाते हैं। उन्हें हालांकि इससे बचने की कोशिश करनी होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे याद है कि सचिन ने एक बार ऑस्ट्रेलिया में अपने खेल से ड्राइव शॉट हटा दिया था। जायसवाल को यह भी कहना पड़ सकता है कि ‘जब तक गेंद किसी खास क्षेत्र में न हो तो वह उसे खेले ही ना’। ऐसी गेंदों पर उन्हें अपने रक्षात्मक खेल पर भरोसा करना होगा।
भारत को जीत के लिए 549 रन के असंभव जैसे लक्ष्य का पीछा करते समय सलामी जोड़ी से मजबूत शुरुआत की उम्मीद थी लेकिन जायसवाल उछाल लेती गेंद पर कट शॉट खेलने के लालच में विकेटकीपर काइल वेरेन को कैच दे बैठे। स्टेन ने कहा, ‘‘वह दाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से इस शॉट को खेल लेते है लेकिन मार्को यानसेन जैसे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की गेंद उनकी उम्मीद से ज्यादा शरीर के करीब होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति में वह कई बार गेंद को स्टंप पर खेल बैठते हैं तो कई बार गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेट के पीछे चली जाती है।’’
जिस पिच की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल प्रवृत्ति का दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया ,उस पर भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी जूझते हुए नजर आए, जिससे उनकी टीम पर दूसरे एवं अंतिम टेस्ट मैच में बड़ी हार का खतरा मंडराने लग गया है। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 15.5 ओवर में दो विकेट पर 27 रन बनाए और लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए उसे अब 522 रन की जरूरत है।






