
कप्तान सूर्यकुमार को पहले टी20 में सता रहा था ये 'डर', हार्दिक पांड्या को लेकर दूर की एक दुविधा
भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को पहले टी20 मैच में 101 रनों से शिकस्त दी। यह मैच कटक के मैदान पर खेला गया। हार्दिक पांड्या ने कटक में शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार्दिक की तारीफ की है।
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में दमदार आगाज किया है। भारत ने मंगलवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में 101 रनों से विजयी परचम फरचम फहराया। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की आतिशी फिफ्टी की बदौलत भारत ने 175/6 का स्कोर खड़ा किया। एक समय भारत 48 रन पर तीन गंवाकर जूझ रहा था। हार्दिक ने 28 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और चार सिक्स शामिल हैं। उन्होंने एक विकेट भी चटकाया। हार्दिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान सूर्या ने हार्दिक की तारीफ की है। उन्होंने साथ की उस 'डर' का जिक्र किया, जो कटक में सता रहा था। दरअसल, सूर्या को लग रहा था कि भारत 160 रन तक ही पहुंचेगा।
'हम चाहते हैं कि हर कोई निडर रहे'
सूर्यकुमार ने कटक में जीत दर्ज करने के बाद कहा, ''मैंने टॉस के समय ही कहा था कि हम कंफ्यूज थे लेकिन पहले बैटिंग करने पर बहुत खुश थे। 48/3 के स्कोर से 175 तक जाना शानदार था। जिस तरह से हार्दिक, अक्षर, तिलक ने बैटिंग की और आखिर में जितेश ने आकर अपनी जिम्मेदारी निभाई, मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी था। पहले सोचा था कि हम 160 तक जाएंगे लेकिन 175 अविश्वसनीय रहा। 7-8 बल्लेबाज होने पर कोई न कोई कवर कर ही लेगा। किसी दिन 2-3 बैटर का दिन नहीं होगा लेकिन बाकी 4 बल्लेबाज कवर कर लेंगे। शायद अगले मैच में आप किसी और को कवर करते हुए देखेंगे। टी20 क्रिकेट में ऐसा ही होता है। हम चाहते हैं कि हर कोई निडर रहे और अपनी बैटिंग का आनंद ले।'' हार्दिक ने पावरप्ले में बॉलिंग नहीं की। ऐसे में क्रिकेट फैंस दुविधा में थे कि फिट होने के बावजूद हार्दिक शुरू में गेंदबाजी करने क्यों नहीं आए?
हार्दिक को लेकर दूर की ये दुविधा
कप्तान ने हार्दिक को लेकर दुविधा दूर की है। उन्होंने पावरप्ले में बॉलिंग नहीं देने पर कहा, ''अर्शदीप और बुमराह शुरू में बॉलिंग करने के लिए परफेक्ट बॉलर थे। जिस तरह से साउथ अफ्रीका ने नई बॉल से गेंदबाजी, मुझे लगता है कि अर्शदीप और बुमराह बेहतर ऑप्शन थे। हार्दिक को बाद में इसलिए लाया गया क्योंकि वह चोट से वापस आए हैं और उनका ध्यान रखना जरूरी है। जिस तरह से हार्दिक ने बॉलिंग की, मैं उससे बहुत खुश हूं। उन्होंने पहले बैटिंग करते हुए धमाल मचाया और 175 तक पहुंचाया। यह सच में काबिल-ए-तारीफ है। हमारे पास बॉलिंग के जितने ऑप्शन थे, मुझे लगता है कि 175 का स्कोर काफी अच्छा था।'' बता दें कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट के कारण एशिया कप 2025 फाइनल में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने दो महीने से अधिक समय बाद भारतीय टीम में वापसी की है।






