Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs SA 4th T20I cancelled due to dense fog raising questions on BCCI on match scheduling
कोहरा, धुंध और खराब AQI...IND vs SA चौथा T20I मैच हुआ रद्द तो BCCI पर उठे गंभीर सवाल

कोहरा, धुंध और खराब AQI...IND vs SA चौथा T20I मैच हुआ रद्द तो BCCI पर उठे गंभीर सवाल

संक्षेप:

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच बुधवार को खराब दृश्यता के कारण रद्द कर दिया गया जब घने कोहरे की एक परत ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया। कई बार इंस्पेक्शन हुआ, लेकिन मैच शुरू नहीं हो पाया। 

Dec 18, 2025 06:05 am ISTVikash Gaur Bhasha, लखनऊ
share Share
Follow Us on

टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच बुधवार 17 दिसंबर को खेला जाना था, लेकिन मैच को खराब दृश्यता के कारण रद्द कर दिया गया। दरअसल, घने कोहरे और धुंध की एक परत ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया, जिससे सर्दियों के महीनों में उत्तरी भारत में मुकाबले कराने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यक्रम पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए नवंबर और दिसंबर के दौरान न्यू चंडीगढ़, धर्मशाला, लखनऊ, रांची, रायपुर, विशाखापत्तनम, कटक, अहमदाबाद, गुवाहाटी और कोलकाता को आयोजन स्थल के तौर पर चुना गया था। यह वह समय होता है जब लखनऊ, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला जैसे मेजबान शहरों में प्रदूषण का स्तर आमतौर पर सबसे खराब होता है। इसके अलावा कोहरा होने के चांस भी ज्यादा होते हैं।

चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय आधिकारिक तौर पर ‘अत्यधिक कोहरे’ के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया, लेकिन सच्चाई यह थी कि प्रदूषण और कोहरे की एक मोटी चादर ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया था, जिससे दृश्यता बहुत कम हो गई थी। बुधवार को लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 400 से ऊपर खतरनाक स्तर में रहा, जिससे खिलाड़ियों के कल्याण के प्रति बीसीसीआई की प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को मैच से पहले भारतीय टीम के वार्मअप के दौरान प्रदूषण से बचने के लिए सर्जिकल मास्क पहने देखा गया। शाम सात बजे शुरू होने वाला मैच आखिरकार छठे निरीक्षण के बाद रात साढ़े नौ बजे रद्द कर दिया गया। हालांकि, यह एक औपचारिकता से ज्यादा कुछ नहीं था, क्योंकि वहां मौजूद सभी लोग जानते थे कि रात बढ़ने के साथ दृश्यता और खराब होती जाएगी।

खिलाड़ियों ने शाम साढे़ सात बजे तक अपना वार्मअप सत्र खत्म कर दिया था और ड्रेसिंग रूम में लौट गए थे। ठंड का सामना करते हुए रात नौ बजे तक दर्शकों की भीड़ भी कम होने लगी थी। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के राजीव शुक्ला निरीक्षण के दौरान मैदान पर आए, लेकिन मैच अधिकारियों से बात करने के बाद उनकी भावभंगिमा से निराशा साफ झलक रही थी।

आखिरी मैच अब अहमदाबाद में

कोई रिजर्व दिन नहीं होने के कारण दोनों टीमें अब शुक्रवार को होने वाले अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए अहमदाबाद जाएंगी। भारत सीरीज में 2-1 से आगे है। बीसीसीआई आयोजन स्थलों का आवंटन करते समय रोटेशन नीति का पालन करता है, लेकिन बोर्ड 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से पहले स्थल बदलने पर विचार कर सकता था।

भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना पश्चिमी और दक्षिणी भारत के स्थलों पर करेगी जो मैच वडोदरा, राजकोट, इंदौर, नागपुर, रायपुर, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे। सिर्फ एक मैच पूर्वोत्तर शहर गुवाहाटी में होना है। नोर्थ क्षेत्र के अधिकतर आयोजन स्थल सर्दियों के महीनों में मौसम से प्रभावित होते रहे हैं। पिछले हफ्ते तीसरा टी20 इंटरनेशनल धर्मशाला में 10 डिग्री से कम तापमान में खेला गया था, जो बर्फ से ढकी धौलाधार रेंज की गोद में बसा है।

मैच के बाद तमिलनाडु के रहने वाले भारत के रहस्मयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने माना था कि हालात उनके लिए खास तौर पर मुश्किल थे। उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने इतने ठंडे मैदान पर कभी नहीं खेला, इसलिए मुझे यह काफी मुश्किल लगा।’’ धर्मशाला में मैच के दिन एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में था और न्यू चंडीगढ़ में दूसरे मैच दौरान ‘गंभीर’ श्रेणी में था।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |