
ईडन गार्डन्स में टेस्ट मैच जीतने में छूट जाते हैं टीम इंडिया के पसीने! गिल-गंभीर को परेशान करेगा ये रिकॉर्ड
IND vs SA 1st Test 2025- इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाना है। इस मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में भारत का जीत का प्रतिशत लगभग 31 का रहा है।
IND vs SA 1st Test 2025- इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका 2 मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज 14 नवंबर से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। यहां मैच जीतने में भारतीय टीम के ही पसीने छूट जाते हैं। ईडन गार्डन्स पर भारत ने जितने मैच जीते हैं उससे ज्यादा तो ड्रॉ हुए हैं। भारत का जीत का प्रतिशत यहां लगभग 31 का रहा है। सीरीज शुरू होने से पहले यह रिकॉर्ड कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर को परेशान कर सकता है। गिल-गंभीर की नजरें एक परफेक्ट प्लेइंग XI के साथ इस मैदान पर उतरने पर होगी ताकि टीम इंडिया जीत दर्ज कर सके। आईए एक नजर भारत के ईडन गार्डन्स मैदान के रिकॉर्ड्स पर डालते हैं-

टीम इंडिया का ईडन गार्डन्स पर टेस्ट रिकॉर्ड
1934 में भारत ने इस ऐतिहासिक मैदान पर पहला मैच खेला था, वहीं टीम इंडिया का आखिरी मुकाबला यहां 2019 में हुआ था। इस दौरान भारत ईडन गार्डन्स के मैदान पर कुल 42 मैच खेला जिसमें से उन्हें सिर्फ 13 में जीत मिली, वहीं 9 हारे और 20 मैच ड्रॉ रहे। ईडन गार्डन्स के मैदान पर मैच ड्रॉ होने की संभावनाएं लगभग-लगभग 50 प्रतिशत है। मगर अब टेस्ट क्रिकेट काफी बदल चुका है। नए दौर की टीमें सिर्फ हार और जीत में विश्वास रखती है। अब देखना होगा कि शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया यहां कैसा परफॉर्म करती है।
मैच- 42
जीत- 13
हार- 9
ड्रॉ- 20
India vs South Africa ईडन गार्डन्स हेड टू हेड
ईडन गार्डन्स के मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अभी तक कुल 3 ही टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें से 2 मैच टीम इंडिया ने तो 1 साउथ अफ्रीका ने जीता है। साउथ अफ्रीका की यह एकमात्र जीत 29 साल पहले 1996 में आई थी। इसके बाद भारत उन्हें 2004 में 8 विकेट से तो 2010 में पारी और 57 रनों के अंतर से धूल चटा चुका है।
मैच- 3
भारत- 2
साउथ अफ्रीका- 1






