क्या टीम इंडिया फाइनल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मिलाएगी हाथ? एशियन गेम्स में दो खेलों में हो चुका ऐसा
IND vs PAK Final: भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल खेला जाएगा। क्या टीम इंडिया फाइनल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएगी?

भारत को शनिवार को निशिन में एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करना होगा और यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी अन्य खेलों के खिलाड़ियों की तरह एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगे या नहीं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने गुरुवार को सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला तय किया। इस मुकाबले के मैदान पर क्रिकेट के साथ-साथ मैदान के बाहर के घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा में रहने की संभावना है। मैच से पहले एक बार फिर इस बात पर विस्तृत चर्चा होगी कि दोनों टीम के खिलाड़ी हाथ मिलाएंगे या नहीं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद हाथ मिलाने से परहेज
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पिछले साल से भारतीय खिलाड़ियों ने एशिया कप और आईसीसी प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया है। इसे भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति एकजुटता के प्रदर्शन के तौर पर देखा गया है। पाकिस्तान के साथ हाथ नहीं मिलाने की यह नीति एशियाई क्रिकेट परिषद और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की प्रतियोगिताओं में जारी रहने वाली है लेकिन सवाल यह है कि क्या इसे एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) द्वारा आयोजित महाद्वीपीय खेलों तक भी बढ़ाया जाएगा?
क्या नियम में खिलाड़ियों का हाथ मिलाना जरूरी?
ओसीए या अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के नियम खिलाड़ियों के लिए हाथ मिलाना अनिवार्य नहीं करते लेकिन इसे खेल भावना और शिष्ट आचरण के मानकों में शामिल माना जाता है। ओलंपिक 2016 में मिस्र के जूडो खिलाड़ी इस्लाम एल शेहाबी ने इजराइल के खिलाड़ी ओर ससोन से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। आईओसी ने उन पर जुर्माना नहीं लगाया था लेकिन 'निष्पक्ष खेल और मित्रता की भावना के नियमों' का उल्लंघन करने के लिए उन्हें फटकार लगाई थी। बाद में उनकी अपनी टीम ने उन्हें वापस भेज दिया था।
एशियन गेम्स 2026 में दो खेलों में हो चुका ऐसा
मौजूदा युद्ध के कारण यूक्रेन के खिलाड़ी भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करते रहे हैं। अब यह देखना होगा कि भारतीय क्रिकेट टीम प्रबंधन अपनी मौजूदा नीति पर कायम रहता है या मैच के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाता है। आखिरकार यहां हिस्सा ले रहे अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वियों से हाथ मिलाना मुद्दा नहीं रहा है। क्रिकेट में इस बारे में फैसला बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के नागोया पहुंचने के बाद लिया जाएगा। आईसीसी के चेयरमैन जय शाह के भी इस मुकाबले को देखने के लिए पहुंचने की उम्मीद है। मौजूदा एशियाई खेलों की टेबल टेनिस और स्क्वाश स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों को अपने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वियों के साथ परंपरागत रूप से हाथ मिलाते देखा गया है।



