भारत ने पाकिस्तान को हराकर सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई, ऐसा करने वाली दूसरी टीम बनी
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में धूल चटाई और सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालीफाई कर लिया। वेस्टइंडीज के बाद भारत सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है।

भारतीय टीम ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान पर 61 रन की एकतरफा जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया। इसके साथ ही भारतीय टीम वेस्टइंडीज के बाद टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। भारतीय टीम ने जारी टूर्नामेंट में अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। भारतीय टीम ने ईशान किशन की धमाकेदार पारी की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 175 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी।
वेस्टइंडीज के बाद भारत ने किया क्वालीफाई
वेस्टइंडीज ने रविवार को टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में नेपाल को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी और टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं भारत ने रविवार को खेले गए विश्व कप के 27वें मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई किया। नामीबिया, ओमान और नेपाल टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
भारत की 8वीं जीत
176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान टीम भारतीय टीम की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। उनके अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत है, जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े जिससे भारत ने सात विकेट पर 175 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला।
पाकिस्तान ने पावरप्ले में गंवाए 4 विकेट
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में 13 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। पांड्या ने पारी का पहला ओवर मेडन फेंका और साहिबजादा फरहान (00) को मिड ऑन पर रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। बुमराह की पहली गेंद पर सईम (06) ने छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान सलमान अली आगा (04) भी मिड ऑन पर पंड्या को बेहद आसान कैच दे बैठे। उस्मान ने पंड्या पर छक्के के साथ शुरुआत की और फिर अक्षर पर लगातार दो चौके मारे। अक्षर ने हालांकि इसी ओवर में बाबर आजम (05) को बोल्ड किया।
उस्मान ने अक्षर के अगले ओवर में भी दो चौके मारे। पाकिस्तान के रनों का अर्धशतक आठवें ओवर में पूरा हुआ। उस्मान 31 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब अक्षर की गेंद पर तिलक वर्मा ने उनका कैच टपका दिया। उन्होंने इस ओवर में भी लगातार दो चौके मारे। अक्षर ने हालांकि उस्मान को जीवनदान का फायदा नहीं उठाने दिया और अगले ओवर में उन्हें इशान किशन के हाथों स्टंप करा दिया। उस्मान ने 34 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। मोहम्मद नवाज (04) ने इसके बाद कुलदीप यादव की फुलटॉस पर दुबे को कैच थमाया। शादाब भी तिलक की पहली ही गेंद को लॉन्ग ऑफ पर दुबे के हाथों में खेल गए।
पाकिस्तान को अंतिम पांच ओवर में 82 रन की दकरार थी और चक्रवर्ती ने लगातार गेंदों पर फहीम (10) और अबरार अहमद (00) को आउट किया जबकि पंड्या ने उस्मान तारिक (00) को बोल्ड करके भारत की जीत सुनिश्चित की।
अभिषेक शर्मा का नहीं चला बल्ला
इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (10 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच करा दिया। अभिषेक अब तक दोनों मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। ईशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने शाहीन की शुरुआती दो गेंद पर छक्का और चौका मारा और फिर सलमान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।
ईशान किशन ने खेली ताबड़तोड़ पारी
तिलक ने भी शाहीन पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर अबरार अहमद का स्वागत छक्के के साथ किया। तिलक और ईशान ने सईम पर चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 52 रन तक पहुंचाया। ईशान ने अबरार पर लगातार तीन चौकों के साथ 27 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया जो टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबलों का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने अगले ओवर में लेग स्पिनर शादाब खान की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से 17 रन बटोरे। ईशान हालांकि इसके बाद सईम की गेंद को पीछे हटकर खेलने की कोशिश में चूककर बोल्ड हो गए। तिलक ने मोहम्मद नवाज पर छक्के के साथ 12वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया।
सूर्यकुमार ने खेली कप्तानी पारी
पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक (24 रन पर एक विकेट) से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने। सईम ने तिलक को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया। उन्होंने 24 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार ने अबरार पर चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम दुबे ने इसी ओवर में छक्का जड़ा। तारिक ने सूर्यकुमार को सईम के हाथों कैच कराया। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे। रिंकू सिंह (चार गेंद में नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवर में शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया लेकिन दुबे अगली गेंद पर रन आउट हो गए।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



