टीम इंडिया को आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने दिया गोल्ड मेडल, शानदार प्रदर्शन के लिए दी बधाई
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने शनिवार को पाकिस्तान को खिताबी मुकाबले में हराने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया। भारत ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता।

अभिषेक शर्मा (61), तिलक वर्मा (नाबाद 51) और शिवम दुबे के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत ने एशियन गेम्स 2026 में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने भारतीय टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी और खिताबी मुकाबले जीतने के बाद पदक समारोह के दौरान टीम को स्वर्ण पदक प्रदान किया। पाकिस्तान को रजत और श्रीलंका को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिला और पुरुष क्रिकेट टीम ने जीता गोल्ड
एशियन गेम्स में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक डबल जीत का जश्न मनाया। पिछले सप्ताह महिला टीम के गोल्ड जीतने के बाद, अब पुरुष टीम ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। एशियन गेम्स में पुरुषों के क्रिकेट में भारत का यह लगातार दूसरा गोल्ड मेडल है। इस साल की शुरुआत में लगातार दूसरी बार आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद, 'मेन इन ब्लू' ने टी 20 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को गोल्ड मेडल सौंपते समय आईसीसी चेयरमैन जय शाह, बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) की प्रेसिडेंट पीटी उषा समेत कई लोग मौजूद थे।
जय शाह ने दी बधाई
टीम इंडिया के एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा, “नागोया और जापान ने क्रिकेट के इतिहास में गर्व का एक नया अध्याय लिखा है। इस पल के काबिल शानदार प्रदर्शन के लिए टीम इंडिया को बधाई। साथ ही, सभी भाग लेने वाले देशों, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया और उन आयोजकों का दिल से शुक्रिया जिनकी सोच की वजह से हम यहां तक पहुंचे। और उन हजारों फैन्स का भी धन्यवाद जिनकी मौजूदगी ने हमें याद दिलाया कि दुनिया में कहीं भी क्रिकेट इतना खास क्यों है।”
भारत ने आखिरी दिन नौ मेडल पांच गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज जीतकर अपने अभियान का समापन किया। कुल मिलाकर भारत ने 85 मेडल जीते, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज।भारत एशियन गेम्स 2026 क पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार कप्तान कर रहे श्रेयस अय्यर ने एशियाई खेलों के फाइनल में अपने साथियों से सिर्फ इतना कहा था कि मुकाबले को लेकर बने माहौल और दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दें और बड़े मंच पर अपने प्रदर्शन का स्तर ऊंचा उठाएं। जीत के बाद अय्यर ने कहा कि टीम ने पाकिस्तान या श्रीलंका के बजाय सिर्फ एक प्रतिद्वंद्वी के रूप में सामने वाली टीम को देखा और अपना पूरा ध्यान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर रखा।



