
भारतीय खिलाड़ियों के इशारे से तिलमिलाए सरफराज अहमद, यंग टीम इंडिया पर लगा दिया बड़ा आरोप
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप के फाइनल के बाद पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने भारतीय जूनियर टीम पर खेल भावना के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम का व्यवहार खेल के प्रति अच्छा नहीं था।
पाकिस्तान टीम के मेंटॉर सरफराज अहमद ने भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों पर मैदान पर 'अनैतिक' आचरण करने और गलत इशारे करने का गंभीर आरोप लगाया है। रविवार को पाकिस्तान की टीम ने भारत को 191 रनों से हराया और दूसरी बार अंडर-19 का खिताब अपने नाम किया। दुबई में खेले गए फाइनल के दौरान भारतीय बल्लेबाजों को आउट करने के बाद पाकिस्तानी गेंदबाज अपशब्द बोल रहे थे और जरूरत से ज्यादा जश्न मना रहे थे, जिस पर भारतीय बल्लेबाजों आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यंवशी ने प्रतिक्रिया दी। इस दौरान वैभव ने पाकिस्तानी गेंदबाज को अपने जूते की ओर इशारा करके कुछ कहा, जिससे सरफराज चिढ़ गए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में डगआउट में बैठे सरफराज अहमद अपने खिलाड़ियों को निर्देश देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में सरफराज ने कहा, "जाहिलों की तरह जाहिल नहीं होना, तमीज के दायरे में रहो और खेलो।" इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया, क्योंकि कई लोगों का मानना था कि उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के लिए 'जाहिल' शब्द का इस्तेमाल किया है।
सोमवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के साथ मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरफराज ने स्वीकार किया कि वह आवाज उन्हीं की थी। उन्होंने कहा, ''मैंने पहले भी भारतीय टीमों के खिलाफ खेला है, वे खेल का सम्मान करते थे। लेकिन इस बार मैंने बाहर बैठकर महसूस किया कि इस मौजूदा भारतीय टीम का व्यवहार खेल के प्रति अच्छा नहीं था। उनका आचरण अनैतिक था। आपने टीवी स्क्रीन पर देखा होगा कि उनके खिलाड़ियों ने किस तरह के इशारे किए।"
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने सोमवार को अपने देश की अंडर19 एशिया कप विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के लिए एक करोड़ रुपये के विशेष नकद पुरस्कार की घोषणा की। टीम के मेंटॉर (मार्गदर्शक) और मैनेजर सरफराज अहमद ने स्वागत समारोह के बाद मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।






