कप्तान सलमान अली की जिद पाकिस्तान पर पड़ी भारी, सूर्यकुमार ने मैच जीतने के बाद खोल दी पोल
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीतने के बाद कहा कि इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था। उनका मानना है कि भारत ने प्रतिस्पर्धी स्कोर से 15-20 रन अधिक बना लिया था।

भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की बड़ी जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत हासिल करने के बाद कहा कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था और उन्होंने 175 रन बनाकर विरोधी टीम को मुकाबले से बाहर कर दिया। भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पांड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने गेंदबाजी करने का फैसला किया, उनके इस निर्णय से पाकिस्तान दिग्गज भी हैरान रह गए थे। क्योंकि पाकिस्तान के पास बेहतर स्पिनर हैं, जोकि किसी भी टीम को दबाव में डाल सकते हैं और ऐसे हाईवोल्टेज मैच में रन चेज करने में मुश्किल होती है।
भारत ने इससे पहले ईशान की 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी और तिलक वर्मा (25) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 87 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 175 रन बनाए। सूर्यकुमार ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता और वह 15 से 20 रन अधिक बनाने में सफल रहे। सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, ''इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था। पहले बल्लेबाजी करते समय यह कहना मुश्किल था कि प्रतिस्पर्धी स्कोर कितना होता। लेकिन जैसे ही हम 175 पर पहुंचे तो हमें लगा कि हमने प्रतिस्पर्धी स्कोर से 15-20 रन अधिक बना लिए हैं। 155 रन पर यह बहुत करीबी मुकाबला होता।''
भारतीय कप्तान ने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा वे खेलना चाहते थे। सूर्यकुमार ने कहा, ''हमने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा हम खेलना चाहते थे। इशान ने भी उसकी तरह की बल्लेबाजी की (जैसी वह पिछले कुछ मुकाबलों और घरेलू क्रिकेट में कर रहा था)। इशान ने कुछ अलग सोचा। एक रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेने की जरूरत थी और उसने कमाल का काम किया।''
उन्होंने कहा, '' जिस तरह से उन्होंने (तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह) ने बल्लेबाजी की, वह काबिलेतारीफ है। हार्दिक ने नई गेंद से प्रहार किया और फिर बुमराह ने दिखाया कि वह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ क्यों हैं। सभी को योगदान देते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा।''पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि पावर प्ले में तीन-चार विकेट गंवाने के बाद आप मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं।
सलमान ने कहा, ''हम चार स्पिनर्स के उतरे लेकिन उनका दिन अच्छा नहीं था। कुछ हिस्सों में योजनाओं को अच्छी तरह लागू नहीं कर पाए। बल्ले से हमने अच्छी शुरुआत नहीं की। अगर आप पावरप्ले में तीन-चार विकेट खो देते हैं तो आप हमेशा मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं।''
सलमान ने स्वीकार किया कि दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर थी लेकिन उनके खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए। उन्होंने कहा, ''पहली पारी में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल थी और गेंद भी ग्रिप कर रही थी। दूसरी पारी में पिच बेहतर खेली लेकिन हमने स्थिति के हिसाब से गेंदबाजी नहीं की और हमने बल्ले से भी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए।''
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी




