
11 चौके और 4 छक्के, 2 साल तीन महीने की वापसी के बाद ईशान किशन ने जड़ा ताबड़तोड़ अर्धशतक
न्यूजीलैंड के भारत दौरे के दौरान नागपुर में पहले मैच में सस्ते में आउट हो जाने के बाद शुक्रवार 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टी-20 मैच में किशन ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए एक आतिशी अर्धशतक जड़ा।
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की है। न्यूजीलैंड के भारत दौरे के दौरान नागपुर में पहले मैच में सस्ते में आउट हो जाने के बाद शुक्रवार 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टी-20 मैच में किशन ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए एक आतिशी अर्धशतक जड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम के सामने 209 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और पिछले मैच के हीरो अभिषेक शर्मा सस्ते में चलते बने, जिसके बाद किशन ने मोर्चा संभाला और अर्धशतकीय पारी खेलकर शानदार वापसी की।
सलामी बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद, नंबर 3 पर आए ईशान किशन ने मैदान के चारों ओर शॉट्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने मात्र 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसे उन्होंने पावरप्ले के भीतर ही मैट हेनरी की गेंद पर चौका जड़कर हासिल किया। अपनी वापसी को यादगार बनाते हुए मात्र 32 गेंदों में 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के जड़े। इस आतिशी पारी के दौरान तीसरे विकेट के लिए ईशान और सूर्या के बीच 49 गेंदों में रिकॉर्ड 122 रनों की साझेदारी हुई।
बता दें कि लंबे समय से ईशान किशन टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे ऐसे में यह पारी उनके करियर के लिए संजीवनी बूटी की तरह है। वे लगभग दो साल और तीन महीने के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टी-20 टीम में लौटे हैं। ईशान किशन के करियर में उतार-चढ़ाव तब आया जब उन्हें 2024 के बीसीसीआई वार्षिक अनुबंध से बाहर कर दिया गया था। मानसिक थकान का हवाला देकर घरेलू मैचों से दूरी बनाने के कारण वे चयनकर्ताओं की नजरों से दूर हो गए थे। हालांकि, 2025 के आईपीएल ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा 11.25 करोड़ रुपये में खरीदे जाने और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी टीम में वापसी हुई है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए ईशान किशन नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे। उनकी इस पारी ने यह साबित कर दिया है कि वे शीर्ष क्रम में किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्तमान टी-20 श्रृंखला खेलने से पहले, ईशान किशन ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ (वनडे प्रारूप में) खेला था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय की बात करें तो, उन्होंने इस श्रृंखला के पहले मैच (21 जनवरी 2026, नागपुर) के जरिए लगभग 2 साल और 3 महीने के लंबे अंतराल के बाद इस प्रारूप में वापसी की है।






